स्वस्थ रहने के लिए साफ सफाई जरूरी
उत्क्रमित मध्य विद्यालय पड़रिया में विश्व हाथ धुलाई दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
आरा। उत्क्रमित मध्य विद्यालय पड़रिया में विश्व हाथ धुलाई दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को खाने से पहले हाथ धोने की आदत डालने को प्रेरित किया गया। इसके बारे में विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ मनोज कुमार गुप्ता ने छात्र-छात्राओं से स्वच्छता से संबंधित बातों की चर्चा करते हुए कहा कि वे अपने परिवार के सभी लोगों को भोजन से पूर्व हाथ धोने के बारे में अवश्य बताएं। गंदे हाथ से भोजन करने से तमाम तरह की बीमारियों से हम ग्रसित हो सकते हैं। जिसका हमारे स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक अश्विनी कुमार सिंह, मुन्नी कुमारी, रामचंद्र प्रसाद, सुनीता कुमारी, सुनील कुमार पाठक, मो. अनवारुल हक एवं रसोइया सह सहायक चितरंजन प्रसाद ने भी सहयोग किया।
दूसरी तरफ कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बड़हरा में भी विश्व हाथ धुलाई कार्यक्रम के आयोजन के अवसर पर प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मंजुला कुमारी ने छात्र-छात्राओं को भोजन से पूर्व नियमित रूप से हाथ धोने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर संचालक डॉ मनोज कुमार गुप्ता, वार्डेन पूनम कुमारी, शिक्षिका नमिता, लेखापाल मुमताज एवं धर्मेंद्र कुमार आदि लोग उपस्थित थे।