दंपती समेत तीन को गोली मारी, एक की हालत गंभीर
भोजपुर के मुफस्सिल थाना अंतर्गत सारंगपुर गांव में रविवार की सुबह एक दंपती समेत तीन लोगों को गोली मार दी गई।
आरा। भोजपुर के मुफस्सिल थाना अंतर्गत सारंगपुर गांव में रविवार की सुबह एक दंपती समेत तीन लोगों को गोली मार दी गई। जिसमें एक की हालत गंभीर है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया है। उसके पेट में गोली लगी है। घटना का कारण भूमि विवाद बताया जाता है। घायलों ने सात-आठ राउंड फायरिग किए जाने का आरोप लगाया है। घटना सुबह करीब दस बजे की है। पुलिस इस मामले में चाचा और भतीजा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से एक खोखा भी मिला है। इस मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार सारंगपुर गांव निवासी रामजी दुबे तथा हीरा लाल दुबे के बीच जमीन पर दखल-कब्जे को लेकर पूर्व से विवाद चल रहा था। इस बीच जमीन पर मवेशी बांधने के लिए खुंटा गाड़ने को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया। रविवार को एक गुट के दबंगों ने खुंटा उखाड़ दिया। इसके बाद दोनों गुटों के लोग आपस में भिड़ गए। पहले दोनों गुटों में नोकझोंक हुई। बाद में हथियारबंद दबंगों ने ताबड़तोड़ फायरिग शुरू कर दी। जिसमें गोली लगने से रामजी दुबे के पुत्र जलेन्द्र दुबे उर्फ चुटुल दुबे (38 वर्ष), उसकी पत्नी संध्या देवी (35 वर्ष) व भाई विजय शंकर दुबे (21 वर्ष) घायल हो गए। घायल दंपती समेत तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल जलेन्द्र दुबे को प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया। बाद में मुफस्सिल थाना इंस्पेक्टर रविन्द्र राम दलबल के साथ वहां पहुंच गए। छापेमारी के दौरान हीरालाल दुबे तथा रविन्द्र दुबे को धर दबोचा।