शहर हो या गांव चारों ओर छठ मइया की गूंज
विभिन्न प्रखंडों में लोक आस्था का पर्व छठ बुधवार को संपन्न हुआ।
आरा। विभिन्न प्रखंडों में लोक आस्था का पर्व छठ बुधवार को संपन्न हुआ। सहार (भोजपुर) से संवाद सूत्र के अनुसार, उदीयमान भगवान भाष्कर को अर्घ्य के साथ छठ संपन्न हुआ। प्रखंड के विभिन्न गांवों में सोन नदी, नहर, आहर व पोखर के घाटों पर उल्लास एवं आस्था के साथ छठ किया गया। वहीं स्वयंसेवकों द्वारा पीने का पानी, प्राथमिक उपचार व व्रतियों की हरेक सुविधाओं पर चौकस व्यवस्था थी। संदेश (भोजपुर) से संवाद सूत्र के अनुसार, संदेश व अजीमाबाद क्षेत्र के सोन नद व कुम्हरी नदी के घाटों पर छठ व्रतियों द्वारा उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर पारण के पश्चात छठ संपन्न हुआ। चरपोखरी (भोजपुर) से संवाद सूत्र के अनुसार, चरपोखरी प्रखंड के पसौर, चरपोखरी, मलौर, बरनी सहित विभिन्न स्थानों के घाटों पर व्रत धारियों द्वारा भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया गया। इस दौरान सूर्य मंदिरों में भक्तों द्वारा अपनी मुराद पूरी होने पर उत्साहित भक्त बैण्ड बाजा के साथ छठ घाटों पर जाकर पूजा-अर्चना की।