लाल-हरा-पीला रंग हिट, गोटेदार लहंगा और डोला सिल्क की डिमांड; तीज पर आरा की महिलाओं की खास पसंद
तीज पर्व को लेकर आरा के बाजारों में रौनक बढ़ गई है, जहाँ गोटेदार लहंगा और डोला सिल्क साड़ियाँ महिलाओं ...और पढ़ें

तीज को लेकर ग्राहक को साड़ी दिखाते दुकानदार। जागरण
HighLights
आरा के बाजारों में तीज को लेकर रौनक बढ़ी।
गोटेदार लहंगा और डोला सिल्क साड़ियाँ बनीं पहली पसंद।
लाल, हरे, पीले रंग और शृंगार सामग्री की बिक्री तेज।
जागरण संवाददाता, आरा। Teez 2026: तीज पर्व को लेकर आरा शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। महिलाओं के परिधान से लेकर सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों तक ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है।
गोटेदार लहंगा और डोला सिल्क की साड़ी महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई है। इसके अलावा एचडी सिल्क, बंधेल, पोजीशन सिल्क, फुल नेट, तसक सिल्क, पश्मीना सिल्क और नीलम कॉटन की साड़ियों की भी अच्छी मांग है।
कई दुकानों पर साड़ी के साथ रेडिमेड ब्लाउज की नई रेंज भी उपलब्ध कराई गई है। व्यापारियों को उम्मीद है कि तीज के बाद ज्युतिया, दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे पर्वों के कारण बाजार में और तेजी आएगी।
पिछले कुछ समय से मंदी की मार झेल रहे कारोबारियों के लिए त्योहारों का मौसम राहत लेकर आया है। तीज के अवसर पर आरा का बाजार नई साड़ियों, चमकदार लहंगों और शृंगार सामग्री से सज चुका है।
इससे महिलाओं के उत्साह के साथ दुकानदारों के कारोबार में भी नई चमक दिखाई दे रही है। आरा के लल्लू भाई साड़ी वाले, नागरमल, एनएस मॉल, मोटा भाई, बिल्ला लोकेटर, डिस्कस, डोला सिल्क, बाइक सिल्क, नीलम कॉटन और लक्ष्मीपति समेत प्रमुख प्रतिष्ठानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में भी तीज की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ गई है। दुकानदारों के अनुसार इस बार गोटेदार लहंगा, तसक साड़ी, पश्मीना सिल्क, एचडी सिल्क, डोला सिल्क और नीलम कॉटन की बिक्री तेज है।
नव युवतियों को डिजाइनर लहंगा पसंद
युवतियों के बीच डिजाइनर लहंगा और हल्की कढ़ाई वाली सिल्क साड़ियों की मांग बढ़ी है। वहीं, शादीशुदा महिलाएं पारंपरिक लक्ष्मीपति साड़ी और जरीदार बनारसी पैटर्न की साड़ियों को पसंद कर रही हैं।
बाजार में इस बार नए डिजाइन और अलग-अलग पैटर्न की लंबी रेंज उतारी गई है। दुकानदारों का कहना है कि महिलाएं ऐसी साड़ियों की तलाश कर रही हैं, जो पारंपरिक होने के साथ-साथ हल्की और पहनने में आरामदायक हों।
लल्लू भाई साड़ी वाले के संचालक संजय सर्राफ ने बताया कि इस बार पश्मीना सिल्क, डोला सिल्क और बाइक सिल्क की मांग पिछले वर्ष की तुलना में काफी बढ़ी है।
हल्का और आरामदायक कपड़ा होने के कारण महिलाएं इन्हें त्योहार के लिए पसंद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि तीज पर महिलाएं वस्त्र और शृंगार में परंपरा के साथ आधुनिकता का मेल चाहती हैं।
यही वजह है कि डिजाइनर कॉटन साड़ी और हल्के कढ़ाई वाले लहंगे की खरीदारी भी बढ़ी है। लल्लू भाई के यहां ग्राहकों को आकर्षित करने वाला मजेदार स्लोगन भी चर्चा में है सास-बहू के झगड़े सब दूर करो, लफड़े। दुकानदार के अनुसार स्लोगन को लेकर ग्राहक खूब हंसी-मजाक कर रहे हैं और खरीदारी का माहौल भी खुशनुमा बना हुआ है।
लाल, हरा और पीला रंग पहली पसंद
नागरमल, एनएस मॉल के आलोक बेरिया ने बताया कि तीज को लेकर लाल, हरे और पीले रंग की साड़ियों की मांग अधिक है। वहीं, युवतियों के बीच पेस्टल शेड और फ्लोरल प्रिंट वाली साड़ियां ट्रेंड में हैं।
नागरमल की कमल बेरिया ने बताया कि इस बार सर्दियों का कलेक्शन भी काफी पहले मंगाया गया है। बाजार से हटकर नए डिजाइन और पैटर्न की साड़ियों को ग्राहक पसंद कर रहे हैं।
शृंगार सामग्री की भी बढ़ी बिक्री
साड़ी और लहंगे के साथ सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर भी रौनक है। बिंदी, चूड़ी, नेलपॉलिश, सिंदूर, मेहंदी और हेयर एक्सेसरीज की बिक्री बढ़ गई है।
महिलाएं तीज व्रत के साथ अपने श्रृंगार को लेकर भी विशेष तैयारी कर रही हैं। ग्राहकों का कहना है कि तीज पर नई साड़ी पहनकर सजना-संवरना अलग ही आनंद देता है।
