सड़क दुर्घटना में छात्र की मौत
भोजपुर जिले के कोईलवर थाना अन्तर्गत आरा -छपरा फोरलेन पर अनियंत्रित ट्रक से कुचलकर मरे सिवान के छात्र विजेन्द्र का शव मंगलवार को दूसरे दिन परिजन अपने साथ लेकर चले गए।
आरा। भोजपुर जिले के कोईलवर थाना अन्तर्गत आरा -छपरा फोरलेन पर अनियंत्रित ट्रक से कुचलकर मरे सिवान के छात्र विजेन्द्र का शव मंगलवार को दूसरे दिन परिजन अपने साथ लेकर चले गए। आरा के सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक विजेन्द्र यादव उर्फ विजय यादव (23 वर्ष) सिवान जिले के लहेजी नरकुल भगत गांव निवासी राजेन्द्र यादव का पुत्र था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। मृतक की पहचान उसके बैग से मिले एडमिट कार्ड से संभव हुई। जिस पर छात्र का नाम विजेन्द्र यादव पिता का नाम राजेन्द्र यादव तथा घर लहेजी नरकुलभगत, एमएच नगर थाना सिवान लिखा हुआ था। एडमिट कार्ड के जरिए पुलिस सिवान पुलिस से संपर्क कर परिजनों को सूचित किया था। सिवान जिले के एमएचनगर हसनपुरा थाना के लहेजी नरकुल भगत के टोला गांव निवासी राजेन्द्र यादव को कुल तीन पुत्र थे। जिसमें विजेन्द्र यादव उर्फ विजय यादव मांझिल था। बड़ा भाई अखिलेश यादव तथा छोटा सुशील यादव आरा आए थे। मां सुनैना देवी का रो रोकर बुरा हाल था। विजेन्द्र प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा था। 11 फरवरी को औरंगाबाद में आयोजित एसएससी जीडी की परीक्षा में भाग लेने गया था। इसी दौरान आरा-छपरा फोरलेन पर जमालपुर के समीप सोमवार देर रात ट्रक से कुचलकर उसकी मौत हो गई।