विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर में दरवाजे से चोरी हुई बाइक, शराब तस्करों से हुई जब्त; अब असली मालिक को मिला नोटिस

Published: Wed, 26 Aug 2026 03:56 PM (IST)

बिहिया में चोरी हुई एक बाइक अवैध शराब के साथ बरामद की गई है, जिसके बाद उत्पाद विभाग ने बाइक मालिक को नोटिस भेजा है।

भोजपुर में दरवाजे से चोरी हुई बाइक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

भोजपुर में दरवाजे से चोरी हुई बाइक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. मिथिलेश कुमार की चोरी हुई बाइक अवैध शराब के साथ मिली।

  2. उत्पाद विभाग ने बाइक मालिक को नोटिस भेजकर जवाब मांगा।

  3. मालिक ने पहले ही बाइक चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

संवाद सूत्र, बिहिया (आरा)। बिहिया थाना क्षेत्र के महुआंव गांव निवासी मिथिलेश कुमार की बाइक चोरी होने के बाद उसी बाइक के अवैध शराब के कारोबार में इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। चोरी की घटना को लेकर बाइक मालिक द्वारा बिहिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। 

इसके कुछ दिनों बाद उत्पाद विभाग की टीम ने उसी बाइक को अवैध शराब के साथ जब्त कर लिया। अब उत्पाद विभाग ने बाइक मालिक को नोटिस भेजकर अपना पक्ष रखने को कहा है। 

28 जुलाई को बाइक चोरी

जानकारी के अनुसार, बाइक मालिक मिथिलेश कुमार की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक 28 जुलाई 2026 की रात घर के दरवाजे पर खड़ी थी। रात करीब 11 बजे वह घर के दरवाजे पर बाइक खड़ी कर घर मे सोने चले गए। सुबह करीब चार बजे जब उठे तो बाइक गायब थी। 

काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का पता नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने बिहिया थाने में बाइक चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई। 

15 दिनों के भीतर सफाई देने को कहा

इधर, उत्पाद विभाग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार उक्त बाइक को 19 अगस्त 2026 को 80 लीटर चुलाई शराब के साथ जब्त किया गया। मौके पर दो बाइक के साथ दो युवकों की गिरफ्तारी भी हुई। मामले में उत्पाद विभाग थाना सदर कांड संख्या 175/26 दर्ज होने का उल्लेख है। 

बाइक के मालिक को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर अपना सफाई बयान प्रस्तुत करने को कहा गया है। बाइक मालिक का कहना है कि बाइक चोरी होने के संबंध में प्राथमिकी पहले ही दर्ज कराई जा चुकी है और चोरी के बाद बाइक का इस्तेमाल किसने किया या यह शराब तस्करों के पास कैसे पहुंची, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। 

उन्होंने उत्पाद विभाग को भी इस संबंध में अपना पक्ष रखने की बात कही है। मामले में अब यह जांच का विषय है कि चोरी गई बाइक शराब कारोबारियों के पास कैसे पहुंची। उत्पाद विभाग ने आवश्यक कागजात के साथ निर्धारित अवधि में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है।