विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'तोहरो आइल होई', भोजपुर में ₹7000 की खबर मिलते ही एक-दूसरे को फोन करने लगे लोग

Published: Wed, 16 Sep 2026 03:48 PM (IST)

भोजपुर जिल के बाढ़ प्रभावित शाहपुर के परिवारों को अनुग्रह राशि के रूप में सात-सात हजार रुपये उनके बैंक खातों ...और पढ़ें

'तोहरो आइल होई', भोजपुर में ₹7000 की खबर मिलते ही एक-दूसरे को फोन करने लगे लोग (AI Generated Image)

'तोहरो आइल होई', भोजपुर में ₹7000 की खबर मिलते ही एक-दूसरे को फोन करने लगे लोग (AI Generated Image)

HighLights

  1. बाढ़ प्रभावित परिवारों को सात हजार रुपये की अनुग्रह राशि मिली।

  2. शाहपुर के 52,378 परिवारों के खातों में राशि हस्तांतरित हुई।

  3. बाढ़ संपूर्ति पोर्टल पर नाम जोड़ने के लिए आवेदन जारी।

संवाद सूत्र, शाहपुर (आरा)। बाढ़ की विभीषिका का दंश झेलने के बाद बाढ़ प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में अनुग्रह राशि के रूप में सात-सात हजार रुपये पहुंचने लगे हैं। बुधवार की अहले सुबह से राशि के खाते में आने का सिलसिला शुरू हुआ, जो अब भी जारी है।

लंबे समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए यह राशि हजारों दुखों के बीच खुशी की एक छोटी सी लहर लेकर आई है। खाते में सात हजार रुपये आने के बाद कई लोगों के चेहरे पर काफी दिनों बाद खुशी नजर आई।

राशि खाते में पहुंचते ही लोगों के मोबाइल फोन पर मैसेज आने लगे। इसके बाद लोग एक-दूसरे को फोन कर पूछने लगे 'सात हजार के मैसेज आइल बा। तुहूं मैसेज देख, तोहरो आइल होई।'

इसके बाद लोग अपने-अपने बैंक खातों की जांच करने में जुट गए। कुछ लोगों ने खाते में आई इस राशि को दशहरा पर्व का उपहार तक बताया।

हालांकि, जिन लाभुकों के एक से अधिक बैंक खाते हैं। उन्हें राशि किस खाते में आई है, यह पता करने में थोड़ी परेशानी हुई। अधिकारियों के अनुसार, अनुग्रह राशि लाभुक के उस बैंक खाते में भेजी जाती है, जो आधार कार्ड और मोबाइल नंबर से लिंक होता है। इसको लेकर कई लोग अधिकारियों को भी फोन कर जानकारी देने लगे 'सर, बाढ़ वाला पैसा आ गइल।'

दामोदरपुर पंचायत के दिनेश यादव ने बताया कि पंचायत के काफी लोगों के मोबाइल पर बाढ़ अनुग्रह राशि के खाते में आने का मैसेज आया है। वहीं, सहजौली गांव के ब्रजेश ओझा ने बुधवार की सुबह वाट्सएप ग्रुप में संदेश डालते हुए लिखा 'बाढ़ वाला पैसा आ रहा है नहीं, आ रहा कहिए।'

52,378 बाढ़ प्रभावित परिवारों को भेजी गई राशि

प्रखंड की कुल 20 पंचायतों के 52,378 बाढ़ प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा अनुग्रह राशि का अंतरण मंगलवार को ही कर दिया गया था। इसके बाद बुधवार की सुबह से कई लाभुकों के खातों में राशि पहुंचने लगी।

पोर्टल पर नाम जुड़वाने के लिए पांच हजार से अधिक आवेदन

इधर, बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची में नाम जुड़वाने के लिए बाढ़ संपूर्ति पोर्टल पर अब तक पांच हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। पात्रता रखने वाले आवेदकों के नाम पोर्टल पर जोड़े जा रहे हैं।

राजस्व अधिकारी रश्मि सागर ने बताया कि बाढ़ संपूर्ति पोर्टल पर नाम जोड़ने के लिए विभिन्न पंचायतों से अब तक करीब पांच हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं और आवेदन लगातार आ भी रहे हैं। नाम जोड़ने की प्रक्रिया में कई कार्यपालक सहायकों को लगाया गया है।