विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम आवास के लाभुकों की सूची पर लगेगी ग्राम सभा में मुहर, बिहार में 30 सितंबर तक बैठक नहीं हुई तो स्वतः अनुमोदन

Published: Sat, 19 Sep 2026 02:50 PM (IST)

कोईलवर प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2024 के लाभार्थियों के नामों के अनुमोदन की प्रक्रिया ग्राम ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री आवास योजना(फाइल फोटो)

प्रधानमंत्री आवास योजना(फाइल फोटो)

HighLights

  1. कोईलवर में प्रधानमंत्री आवास योजना लाभार्थियों का अनुमोदन शुरू।

  2. तीन पंचायतों में 3610 लाभार्थियों के नामों पर लगी मुहर।

  3. 30 सितंबर तक ग्राम सभा न होने पर स्वतः अनुमोदन।

संवाद सूत्र, कोईलवर (भोजपुर)। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2024 में शामिल लाभुकों के नामों के अनुमोदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कोईलवर प्रखंड की सभी 17 पंचायतों में तिथिवार ग्राम सभा आयोजित की जा रही है।

शुक्रवार को पहले चरण में जलपुरा, खेसरहिया, कायमनगर, कुल्हड़िया और खनगांव पंचायतों में ग्राम सभा प्रस्तावित थी। इनमें कायमनगर और कुल्हड़िया में बैठक नहीं हो सकी।

तीन पंचायतों में 3610 लाभुकों का अनुमोदन

जलपुरा, खेसरहिया और खनगांव पंचायत में ग्राम सभा आयोजित कर पीएम आवास योजना के लाभुकों की सूची का अनुमोदन किया गया।

बीडीओ वीर बहादुर पाठक के अनुसार खनगांव में 1333, जलपुरा में 1255 और खेसरहिया में 1022 लाभुकों का अनुमोदन हुआ। इस तरह तीन पंचायतों में कुल 3610 लाभुकों के नामों पर मुहर लगी।

30 सितंबर तक बैठक नहीं तो सूची स्वतः मंजूर

कायमनगर पंचायत में ग्राम सभा रविवार को आयोजित की जाएगी। वहीं कुल्हड़िया पंचायत में मुखिया के उपलब्ध नहीं होने के कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी।

बीडीओ ने बताया कि 30 सितंबर तक जिन पंचायतों में किसी कारण से ग्राम सभा आयोजित नहीं हो पाएगी, वहां पीएम आवास योजना के लिए तैयार लाभुकों की सूची स्वतः अनुमोदित मानी जाएगी।

17 पंचायतों में 20,058 नाम सूची में

कोईलवर प्रखंड की 17 पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए कुल 20,058 लोगों की सूची तैयार की गई है। ग्राम सभा में सूची पर चर्चा के बाद लाभुकों के नामों का अंतिम अनुमोदन किया जाएगा। इसके लिए पंचायत स्तर पर तिथिवार बैठकों का कार्यक्रम तैयार किया गया है।

ग्राम सभा में ये लोग रहेंगे मौजूद

लाभुकों के चयन और अनुमोदन के लिए आयोजित ग्राम सभा में मुखिया, पंचायत सचिव, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, आवास सहायक, विकास मित्र सहित पंचायत के आम नागरिक शामिल होंगे। बैठक में लाभुकों की सूची पर चर्चा होगी और इसके बाद अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इन पंचायतों में इस तारीख को होगी ग्राम सभा

20 सितंबर को कायमनगर में ग्राम सभा होगी। 21 सितंबर को भदवर, राजापुर, मथुरापुर, नरवीरपुर और धनडीहा में बैठक प्रस्तावित है।

23 सितंबर को गीधा, सकड्डी, गोपालपुर, दौलतपुर और जोगता तथा 25 सितंबर को बीरमपुर और चंदा पंचायत में ग्राम सभा आयोजित की जाएगी।