विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दो साल की जद्दोजहद रंग लाई; पीरो को मिला सरकारी बस पड़ाव, 1 एकड़ 60 डिसमिल भूमि आवंटित

Published: Wed, 28 Jan 2026 03:37 PM (IST)

पीरो (भोजपुर) में लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या का समाधान होने वाला है। जिला प्रशासन ने ...और पढ़ें

चयनित स्थल का मुआयना करते जिलाधि‍कारी तनय सुल्‍तानिया। जागरण

चयनित स्थल का मुआयना करते जिलाधि‍कारी तनय सुल्‍तानिया। जागरण

HighLights

  1. पीरो में स्थायी सरकारी बस पड़ाव का रास्ता साफ।

  2. 1 एकड़ 60 डिसमिल भूमि नगर विकास को आवंटित।

  3. जाम की समस्या से मिलेगी बड़ी राहत।

संवाद सहयोगी, पीरो (आरा)। भोजपुर जिले के पीरो नगरवासियों को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से जल्द ही राहत मिलने वाली है।

पीरो में स्थायी सरकारी बस पड़ाव के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। जिला प्रशासन ने बस पड़ाव के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग को एक एकड़ 60 डिसमिल भूमि उपलब्ध करा दी है।

अब तक पीरो में किसी निर्धारित बस पड़ाव की व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्री बसें सड़कों के किनारे ही खड़ी होकर यात्रियों को चढ़ाती-उतारती थीं। इससे शहर में अक्सर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी, जिससे आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी।

बस पड़ाव के निर्माण को लेकर नगर परिषद की सभापति किरण उपाध्याय लगातार प्रयासरत थीं। उन्होंने दिशा की बैठक समेत विभिन्न महत्वपूर्ण मंचों पर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।  

इस क्रम में भोजपुर जिलाधिकारी ने अंचल पीरो के बचरी मौजा स्थित खाता संख्या 381, खेसरा संख्या 429 की भूमि को नगर विकास एवं आवास विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

भूमि आवंटन के साथ ही बस पड़ाव निर्माण की प्रक्रिया को औपचारिक रूप से गति मिल गई है। जमीन आवंटन पर खुशी जाहिर करते हुए सभापति किरण उपाध्याय ने इसके लिए जिलाधिकारी भोजपुर, अनुमंडल पदाधिकारी पीरो एवं अंचलाधिकारी पीरो के प्रति स्थानीय जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि बहुत जल्द पीरो में स्थायी सरकारी बस पड़ाव का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।