पटना-सासाराम फोरलेन के लिए बुलडोजर एक्शन, भोजपुर के उदवंतनगर तक पहुंचा अभियान; 150 फीट चौड़ी बनेगी सड़क
पटना-सासाराम फोरलेन के दूसरे चरण के निर्माण हेतु उदवंतनगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी है। इस कार्रवाई से कई निर्माण ...और पढ़ें

डेम्हा में हटाया जा रहा अतिक्रमण। जागरण
HighLights
पटना-सासाराम फोरलेन के दूसरे चरण में अतिक्रमण हटाया जा रहा है।
उदवंतनगर, डेम्हा और कसाप में बुलडोजर से निर्माण ध्वस्त किए गए।
प्रभावित लोग मुआवजा मिलने से पहले जमीन खाली करने पर नाराज हैं।
संवाद सूत्र, उदवंतनगर (भोजपुर)। पटना-सासाराम फोरलेन के दूसरे फेज के तहत ग्रीनफील्ड सड़क निर्माण की राह में आने वाले अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर चलने लगा है।
उदवंतनगर प्रखंड के डेम्हा गांव से 22 अक्टूबर को शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान अब कसाप होते हुए उदवंतनगर तक पहुंच गया है।
सड़क किनारे बने यात्री शेड समेत कई निर्माणों को ध्वस्त किया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से प्रभावित लोगों में नाराजगी देखी गई।
दूसरे फेज में डेम्हा से शुरू हुआ अतिक्रमण हटाने का अभियान
अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में चल रहे अभियान में तीन बुलडोजर लगाए गए हैं। गुरुवार को कसाप में सड़क किनारे और चाट की जमीन पर बने संरचनाओं को हटाया गया।
जबकि शनिवार को उदवंतनगर में कार्रवाई की गई। प्रशासन का कहना है कि सड़क निर्माण शुरू होने से पहले अतिक्रमण हटाना जरूरी है, ताकि परियोजना का काम बाधित न हो।
मुआवजा मिलने से पहले जमीन खाली करने पर आपत्ति
भू-अर्जन कार्यालय की ओर से प्रभावित रैयतों को 30 अक्टूबर तक मुआवजा प्राप्त करने के लिए आवश्यक कागजात जमा करने का नोटिस दिया गया है।
साथ ही मकान, दुकान और अन्य निर्माण खाली करने का निर्देश भी दिया गया है। हालांकि, कुछ रैयतों ने मुआवजा मिले बिना अधिग्रहित भूमि खाली करने से इनकार किया है। इससे प्रभावित लोगों और प्रशासन के बीच असहमति की स्थिति बनी हुई है।
150 फीट चौड़ी होगी सड़क
अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि पटना-सासाराम फोरलेन के दूसरे फेज के लिए सड़क की कुल चौड़ाई 150 फीट निर्धारित है।
इसी दायरे में आने वाले अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रभावित रैयतों से निर्धारित समय तक भू-अर्जन कार्यालय में जरूरी दस्तावेज जमा कराने का निर्देश दिया।
