विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

3712 करोड़ की पटना-सासाराम फोरलेन का काम 10 नवंबर से, पहले हटेगा अतिक्रमण; फिर दौड़ेंगी गाड़ियां

Published: Tue, 27 Oct 2026 07:26 PM (IST)

पटना-आरा-सासाराम फोरलेन परियोजना के दूसरे चरण का निर्माण कार्य उदवंतनगर क्षेत्र में 10 नवंबर से शुरू होगा। इसके लिए अधिग्रहित ...और पढ़ें

पटना-सासाराम फोरलेन निर्माण में आई तेजी। सांकेत‍िक तस्‍वीर

पटना-सासाराम फोरलेन निर्माण में आई तेजी। सांकेत‍िक तस्‍वीर

संवाद सूत्र, उदवंतनगर (आरा)। पटना-आरा-सासाराम फोरलेन परियोजना के निर्माण की दिशा में तेजी आ गई है। परियोजना के दूसरे चरण में एनएच-119 के तहत उदवंतनगर क्षेत्र में सड़क निर्माण का काम आगामी 10 नवंबर से शुरू करने की तैयारी है।

निर्माण कार्य शुरू होने से पहले अधिग्रहित जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार समयसीमा के भीतर अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सड़क निर्माण में किसी तरह की बाधा न आए।

इस परियोजना के पूरा होने से पटना, आरा और सासाराम के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्र में आर्थिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है।

पहले होगा मिट्टी भराई और सर्विस रोड का निर्माण

अंचलाधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि पटना-सासाराम फोरलेन के तहत उदवंतनगर क्षेत्र में चिमनी भट्ठा से डेम्हा तक ब्राउनफील्ड सड़क का निर्माण किया जाएगा।

निर्माण कार्य शुरू होने के बाद सबसे पहले अर्थवर्क यानी मिट्टी भराई और सड़क के एलाइनमेंट से संबंधित काम कराया जाएगा।

इसके बाद मुआवजा भुगतान और बोल्डर पिचिंग से जुड़े कार्य किए जाएंगे। योजना के तहत सबसे पहले सर्विस रोड का निर्माण कराया जाएगा।

भूमि अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने और निर्माण स्थल को तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। भूमि अधिग्रहण से संबंधित विशेषज्ञ सत्येंद्र सिंह ने बताया कि 10 नवंबर से पहले अधिग्रहित जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने का लक्ष्य है।

1026 पंचाट में 350 रैयतों को मिला मुआवजा

एनएच-119 के लिए अब तक कुल 1026 पंचाटों का गजट प्रकाशित किया जा चुका है। अंचलाधिकारी के अनुसार, इनमें से 350 रैयतों को मुआवजे का भुगतान किया जा चुका है।

करीब साढ़े तीन सौ अन्य रैयतों की फाइल तैयार है। शेष रैयतों के दस्तावेज अधूरे होने के कारण भुगतान की प्रक्रिया लंबित है।

अंचलाधिकारी ने संबंधित रैयतों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर अपने आवश्यक कागजात पूरे कराएं, ताकि उनकी फाइल तैयार कर जल्द से जल्द मुआवजे का भुगतान किया जा सके। मुआवजा भुगतान में तेजी आने से भूमि अधिग्रहण से जुड़े शेष कार्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

3712.40 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा कॉरिडोर

केंद्र सरकार ने मार्च 2025 में पटना-आरा-सासाराम कॉरिडोर के लिए 3712.40 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी। करीब 120.10 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड सड़क का निर्माण प्रस्तावित है।

परियोजना की कुल लागत में 2989.08 करोड़ रुपये सिविल निर्माण और 718.97 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसका विकास हाइब्रिड एन्युइटी मोड (HAM) के तहत किया जा रहा है।

परियोजना के पहले पैकेज में सासाराम के सुवारा से एसएच-12 पर गड़हनी तक 74.432 किलोमीटर लंबी चार लेन की ग्रीनफील्ड सड़क का निर्माण प्रस्तावित है।

इस पैकेज के लिए जल संसाधन विभाग की ओर से 30 सितंबर 2026 को दूसरे चरण की अंतिम अनुमति दी गई थी।

परियोजना के विभिन्न हिस्सों में निर्माण की तैयारियां पूरी होने के साथ सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में काम आगे बढ़ने की उम्मीद है।

अब उदवंतनगर क्षेत्र में 10 नवंबर से निर्माण शुरू कराने के लिए अधिग्रहित भूमि को अतिक्रमणमुक्त करने और मुआवजा संबंधी प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर है।