चौराहे की खाली जगह पर बनेगा पार्क
आरा नगर निगम बोर्ड की बैठक शनिवार को निगम सभागार में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता मेयर रूबी तिवारी ने की। इस बैठक में कई निर्णय लिया गया।
आरा। आरा नगर निगम बोर्ड की बैठक शनिवार को निगम सभागार में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता मेयर रूबी तिवारी ने की। इस बैठक में कई निर्णय लिया गया। शहर के सौन्दर्यीकरण को लेकर महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर जहां भी जमीन उपलबध होगी, वहां पार्क बनाया जाएगा। इसमें फव्वारा लगाया जाएगा। वहीं रमना मैदान की चारों तरफ सौन्दर्यीकरण के लिए मुख्य नगर अभियंता देवेन्द्र चौरसिया को प्राक्कलन के लिए निर्देशित किया गया। नगर निगम की आय चार करोड़ बढ़ाकर लगभग दस करोड़ करने के लिए टैक्स कलेक्टरों को हटाकर इस कार्य के लिए नई एजेंसी को देने का निर्णय हुआ। इसके लिए लगभग एक सप्ताह के अंदर निविदा प्रकाशित की जाएगी। 50 लाख के प्राक्कलन से बनने वाला मठिया मोड़ का नाला का निर्माण कार्य आगामी 14 मार्च से शुरू करने का निर्णय हुआ। बैठक में नगर आयुक्त धीरेन्द्र पासवान, उप नगर आयुक्त राजेश, उप मेयर पुष्पा कुशवाहा, पूर्व उप मेयर मालती देवी, पूर्व उप मेयर सुमन देवी, भूपेन्द्र कुमार राय उर्फ सत्यदेव, अमित कुमार गुप्ता, मिथिलेश कुमार सिंह, शबनम परवीन, सलमा बेगम, रेखा जैन, अनिल कुमार, सीता देवी, सुनीता कुमारी, अनीता देवी समेत अन्य लोग मौजूद थे।
------
चाय की गिलास की जगह दिखा कप : बोर्ड की पिछली बैठक में चाय की गिलास व कप को लेकर वार्ड पार्षदों द्वारा हंगामा हुआ था। इसके बाद शनिवार की बैठक में कुछ परिवर्तन दिखा। बैठक में चाय की गिलास की जगह कप, पानी के लिए थर्मस और पीने के लिए गिलास प्रत्येक पार्षदों के समक्ष दिखा। इस व्यवस्था से पार्षद खुश दिखे।