भोजपुर में शौचालय की टंकी बनाने को लेकर दिल्ली से लौटे अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या
भोजपुर में गुरुवार की देर रात जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। इस दौरान एक अधेड़ की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई।
भोजपुर, जेएनएन। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बीमारी गांव में गुरुवार की देर रात जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। इस दौरान एक अधेड़ की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक 55 वर्षीय जनार्दन सिंह शाहपुर के बीमारी गांव का निवासी था। घटना के बाद सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपित जवाहर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार की सुबह पुलिस ने आरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। वारदात के बाद बीमारी गांव में तनाव व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है।
दिल्ली से बेटे के साथ आया था घर, जमीन के झगड़े में चली गई जान
जानकारी के अनुसार बीमारी गांव निवासी जनार्दन सिंह दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। लॉकडाउन होने के कारण वे अपने बेटे के साथ घर आए हुए थे। इसी बीच घर के पास शौचालय की टंकी बनाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। गुरुवार की रात पहले नोकझोंक और फिर धक्का- मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे और ईंट पत्थर चलने लगे। इसमें जनार्दन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पहले की स्वजन उन्हें इलाज के लिए ले जाते उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शाहपी पुलिस द्वारा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के लेकर गांव में तनाव व्याप्त है। मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चार आरोपित के खिलाफ दर्ज कराई एफआइआर
शाहपुर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि इस संबंध में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसमें गांव के जवाहीर सिंह, उसकी पत्नी, पुत्र व पुत्री को आरोपित बनाया गया है। मुख्य आरोपित बीमारी गांव निवासी जवाहर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।