अब अश्वारोही सैन्य पुलिस बल का भी होगा अपना नया लोगो
अब बिहार अश्वारोही सैन्य बल का भी अपना नया लोगो होगा।
आरा। अब बिहार अश्वारोही सैन्य बल का भी अपना नया लोगो होगा। इसे लेकर मुख्यालय से स्वीकृति प्रदान कर दी है। शताब्दी समारोह के दिन सूबे के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय इसका लोकार्पण करेंगे। समारोह एमएमपी ग्राउंड में 19 व 20 अक्टूबर को आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय समेत अन्य अफसरों के आने की संभावना है। दो दिनों तक चलने वाले समारोह में बिहार सहित कई अन्य राज्यों के अश्वारोही बल के जवान घोड़ों संग अपना करतब दिखायेंगे। इस दौरान पुलिस विभाग के कलाकार भी अपना जलवा बिखेरेंगे। शनिवार को एमएमपी कमांडेंट सह एसपी सुशील कुमार ने एमएमपी ग्राउंड में जाकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ में एएसपी अम्बरीष राहुल भी थे। समारोह को लेकर एमएमपी ग्राउंड में घोड़ों की बड़ी एवं आकर्षक प्रतिमाएं भी लगेंगी। घोड़ों के प्रतिमा निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रतिमा लोहा का बनाया जा रहा है, जो ग्राउंड के अगले छोर पर स्थापित होगा। रमना मैदान में भव्य पंडाल बनाया जा रहा है। एमएमपी ग्राउंड में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बीस अक्टूबर को वेटनरी पर सेमीनार के साथ-साथ पेटिग प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। पुलिस व एमएमपी द्वारा इसकी तैयारी शुरू कर दी गयी है। एमएमपी अपनी सौंवी वर्षगांठ पर आयोजित समारोह को यादगार बनाने में जुटा है। इसके लिए ऑफिस से पूरे एमएमपी ग्राउंड तक को आकर्षक लाइट से सजाने की तैयारी चल रही है। इस आयोजन पर करीब 74 लाख रुपये खर्च होंगे। बैंड पार्टी की टीम भी पहुंच गई है। एमएमपी मुख्यालय, आरा के घोड़े प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू एवं प्रथम गृहमंत्री दोनों की आगवानी कर चुके है। उस समय बिहार एवं झारखंड एक था।