बिहार: भोजपुर में भीड़ ने पुलिस पर किया हमला; सात जवान जख्मी
भोजपुर जिले में आक्रोशित भीड़ ने पुलिस की टीम पर हमला कर दिया जिसमें सात पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। जवाब में पुलिस ने दो रउंड हवाई फायरिंग की।
भोजपुर [जेएनएन]। नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग कॉलोनी अनुसूचित जाति टोले में शुक्रवार रात करीब आठ बजे छापेमारी करने गई पुलिस पर कुछ लोगों ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इसमें पुलिस के सात जवान घायल हो गए। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने दो राउंड हवाई फायरिंग की। उपद्रवियों ने क्रॉस मोबाइल के एक जवान की बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी।
बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर गांव की घेरेबंदी कर आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। घायलों में एक महिला कांस्टेबल भी है। क्यूआरटी के जवान दीपक के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। सभी को उपचार के लिए सदर अस्पताल, आरा भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा- हाउसिंग कॉलोनी अनुसूचित जाति टोला इलाके में शराब पीकर हंगामे की सूचना पर नवादा थाने के क्रॉस मोबाइल का जवान विजय शर्मा वहां गया था। टोले के लोग उसे पीटने लगे। उन्होंने जवान की बाइक भी ईंट-पत्थर मार कर क्षतिग्रस्त कर दी। जवान किसी तरह जान बचाकर भागा और इंस्पेक्टर समेत वरीय अफसरों को इसकी सूचना दी।
इसके बाद सदर एसडीपीओ पंकज कुमार, एएसपी अभियान नितिन कुमार, नवादा इंस्पेक्टर सुबोध कुमार, मुफस्सिल इंस्पेक्टर कुमार रविंद्र कुमार व नगर इंस्पेक्टर जेपी सिंह आदि दल-बल के साथ वहां पहुंचे। क्यूआरटी व महिला बटालियन को भी बुलाया गया।
दोबारा छापेमारी करने पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने पथराव कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इससे इलाके में अफरातफरी मच गई।