प्रवासी मजदूर की पोरबंदर में मौत, दूसरा जख्मी
भोजपुर के दो प्रवासी मजदूर शुक्रवार की दोपहर गुजरात के पोरबंदर में काम करने के दौरान जर्जर छत के ध्वस्त हो जाने से बुरी तरह घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अहमदाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरा। भोजपुर के दो प्रवासी मजदूर शुक्रवार की दोपहर गुजरात के पोरबंदर में काम करने के दौरान जर्जर छत के ध्वस्त हो जाने से बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अहमदाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान धर्मेंद्र पासवान(28 वर्ष) की मौत शनिवार की सुबह हो में गई। जबकि दूसरा घायल साथी का इलाज चल रहा है। धर्मेंद्र पासवान की मौत की खबर जैसे ही स्वजनों को उसके साथियों ने दूरभाष पर दी तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों से बातचीत के बाद साथियों ने दोपहर में शव का दाह संस्कार कर दिया। लॉक डाउन के कारण बंद परिचालन के चलते न तो परिजन पोरबंदर जाने की स्थिति में थे और न ही मृतक के साथी शव को भोजपुर लाने की स्थिति में। बता दें कि जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत महूदही गांव के रामईश्वर पासवान के पुत्र धर्मेंद्र पासवान और इनके रिश्तेदार बिहिया प्रखंड के मोतीरामपुर गांव के सुरेंद्र पासवान के पुत्र जितेंद्र पासवान (25 वर्ष) विगत 6 माह पूर्व गुजरात के पोरबंदर में बड़हरा के सेमरिया गांव के पलंबर ठेकेदार सुभाष पांडेय के साथ काम के लिए गए थे। सूत्रों के अनुसार रोज की भांति शुक्रवार को भी ठेकेदार के कहने पर दोनों युवक काम पर गए थे, जहां काम चल रहा था। इसी दौरान जर्जर छत का एक हिस्सा अचानक ध्वस्त होकर गिर गया। उक्त दोनों मजदूर भी उसके मलबे में दब गए और बुरी तरह जख्मी हो गए। वहां कार्य कर रहे अन्य सहयोगियों ने आनन-फानन में इलाज के लिए स्थानीय एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को अहमदाबाद सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान धर्मेंद्र पासवान की मौत हो गई। जबकि बुरी तरह घायल दूसरा साथी जितेंद्र पासवान का इलाज चल रहा है।