भोजपुर में भरत तिवारी के घर पहुंचे सांसद मनोज तिवारी, बहन ने बांधी राखी
भोजपुरी फिल्म अभिनेता व सांसद मनोज तिवारी ने शाहपुर के बिलौटी गांव में एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात की।
-1786979129014_m.webp)
मनोज तिवारी को राखी बांधती भरत भूषण तिवारी की बहन रूबी कुमारी। (सोशल मीडिया)
HighLights
सांसद मनोज तिवारी ने भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात की।
परिजनों ने पुलिस की प्राथमिकी रद करने की मांग रखी।
भरत की बहन रूबी ने मनोज तिवारी को राखी बांधी।
संवाद सूत्र, शाहपुर (आरा)। भोजपुरी फिल्म अभिनेता सह सांसद मनोज तिवारी ने सोमवार को एनकाउंटर में मारे गए बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी के स्वजन से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
इस दौरान परिजनों ने पुलिस की ओर से गांव के 14 नामजद समेत 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को रद करने की मांग सांसद के समक्ष रखी।
मनोज तिवारी ने कहा कि भरत भूषण तिवारी की शहादत जाया नहीं जाएगी। परिवार की ओर से रखी गई मांगों को सरकार के स्तर पर गंभीरता से लिया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भरत के परिवार की सभी मांगों को प्रमुखता से रखा जाएगा। सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री से परिवार की मुलाकात के बाद इस मामले में न्याय की दिशा में कार्रवाई होती दिखाई दे रही है।
मुलाकात के बाद कई स्तरों पर कार्रवाई हुई है और एक सिपाही की गिरफ्तारी भी हुई है। मुलाकात के दौरान भरत भूषण तिवारी की बहन रूबी कुमारी ने सांसद मनोज तिवारी की कलाई पर राखी बांधी।
विस्थापित परिवारों ने भी रखी अपनी समस्याएं
मनोज तिवारी से बिलौटी गांव के समीप टाउनशिप में बसे जवइनिया गांव के विस्थापित परिवारों ने भी मुलाकात की। विस्थापितों ने बताया कि उन्हें जो जमीन उपलब्ध कराई गई है, वह काफी नीची है और बरसात के दिनों में परेशानी बढ़ जाती है।
सांसद ने विस्थापित परिवारों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि जमीन पर मिट्टी भराई कर उसे ऊंचा किया जाएगा, ताकि विस्थापित परिवारों को जलजमाव समेत अन्य समस्याओं से राहत मिल सके।
