बिहार: आरा पत्रकार हत्याकांड के मुख्य आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर
भोजपुर में हुई दो पत्रकारों की हत्या के मामले में आज मुख्य आरोपित बबलू मियां ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है।
पटना [जेएनएन]। आरा-सासाराम मुख्य पथ पर दो पत्रकारों की हत्या का नामजद आरोपी डब्लू मियां ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। दो पत्रकारों की हत्या मामले में था नामजद और पुलिस की दबिश के कारण उसने कोर्ट में सरेंडर किया है। उससे पहले पुलिस ने उसके पिता हरसू मियां को गिरफ्तार कर लिया था।
बता दें कि एक अनियंत्रित स्कार्पियों की टक्कर से दो पत्रकारों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना गड़हनी थाना क्षेत्र के नहसी पुल के समीप हुई थी। घटना को हत्या बताते हुए स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए थे और आरोपित पूर्व मुखिया के पति व उनके बेटे को गिरफ्तार करने की मांग की थी।
घटना को लेकर पुलिस मुख्यालय गंभीर हो गया है। घटना की जांच को लेकर डीएसपी के नेतृत्व में एसआइटी का गठन कर दिया गया है। पटना के जोनल आइजी नैयर हसनैन खान मामले की मॉनीटरिंग कर रहे हैं।
ऐसे हुई घटना
मिली जानकारी के अनुसार गड़हनी थाना क्षेत्र के बगवां गांव निवासी खजांची सिंह के पुत्र नवीन निश्चल एक हिंदी दैनिक के लिए काम करते थे। वे बाइक पर गांव के ही एक पत्रिका के लिए काम करने वाले पत्रकार विजय सिंह के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ठोकर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दी थी हत्या की धमकी
स्कॉर्पियो एक पूर्व मुखिया संजीदा परवीन के पति हरसू मियां की है, जिनकी मृतक पत्रकार नवीन निश्चल से खबरों को लेकर पूर्व की अदावत थी। बताया जा रहा है कि हरसू की रविवार की शाम में भी नवीन निश्चल से बकझक हुई थी, जिसमें उसने हत्या की धमकी दी थी। घटना के वक्त हरयू का बेटा भी स्कॉर्पियों में था।
पुलिस मुख्यालय ने दिया जांच का आदेश
इस बीच पुलिस मुख्यालय ने मामले की जांच का आदेश दे दिया। एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि भोजपुर के डीएसपी के नेतृत्व में एसआइटी का गठन कर दिया गया है। पूरे ऑपरेशन की निगरानी पटना के जोनल आइजी नैयर हसनैन खान कर रहे हैं। जोनल आइजी ने पूर्व मुखिया और पत्रकार के बीच विवाद की जानकारी दी है।