266 करोड़ का पुल अब होगा रोशन, कोईलवर सिक्सलेन पुल पर अब लगेंगी 156 सोलर लाइट
कोईलवर सोन नदी पर बने सिक्सलेन पुल पर अब 156 सोलर लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रात में यात्रियों को आवागमन ...और पढ़ें

पुल पर चल रहा लाइटें लगाने का काम। जागरण
HighLights
कोईलवर सिक्सलेन पुल पर 156 सोलर लाइटें लगाई जाएंगी।
छह वर्षों के लंबे इंतजार के बाद यह प्रक्रिया शुरू हुई।
एक महीने में पुल रोशनी से जगमगा उठेगा, सुरक्षित सफर।
नीरज कुमार, कोईलवर (आरा)। राजधानी पटना को जोड़ने वाले कोईलवर सोन नदी पर बने सिक्सलेन पुल को अब अंधेरे से राहत मिलने वाली है।
लगभग छह वर्षों के इंतजार के बाद पुल पर सोलर लाइट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस पहल से रात के समय आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
दैनिक जागरण ने इस समस्या को कई बार प्रमुखता से उठाया था। खबरों के प्रकाशन के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
दोनों लेन में 156 लाइटें लगेंगी
सिक्सलेन पुल के दोनों लेन में कुल 156 सोलर लाइट लगाई जाएगी। पटना जाने वाले लेन में 78 तथा आरा की ओर जाने वाले लेन में 78 सोलर लाइट स्थापित की जाएगी।
एजेंसी पीएनसी के प्लानिंग मैनेजर विवेक सिंह ने बताया कि एनएचएआई की ओर से अधिकृत एजेंसी द्वारा पुल के सेफ्टी डिवाइडर पर छेद कर लोहे की प्लेट लगाने का कार्य किया जा रहा है।
अगले एक महीने तक यह कार्य पूरा कर सोलर लाइट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। लाइट लगने के बाद पूरा सिक्सलेन पुल रोशनी से जगमगा उठेगा और यात्रियों को सुरक्षित सफर का अनुभव मिलेगा।
1.52 किलोमीटर लंबा है पुल
सिक्सलेन पुल पर प्रकाश व्यवस्था शुरू होने की खबर से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। मालूम हो कि एनएच-922 पर पटना-बक्सर परियोजना के अंतर्गत सोन नदी पर बने इस अप और डाउन स्ट्रीम पुल का निर्माण लगभग 266 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है।
पुल की लंबाई 1.52 किलोमीटर है तथा इसमें 16 मीटर चौड़े तीन-तीन लेन वाले अप और डाउन स्ट्रीम मार्ग हैं, जिसके निर्माण के समय पुल पर लाइटिंग की कोई योजना नहीं थी।
