जलजमाव दूर करने के चक्कर में बिछा दिया 'फिसलन का जाल', कोईलवर में सड़क पर मिट्टी डालते ही मचा हड़कंप
कोईलवर की मुख्य सड़क पर जलजमाव दूर करने के लिए डाली गई मिट्टी से सड़क अत्यधिक फिसलन भरी और कीचड़युक्त ...और पढ़ें

सड़क पर मिट्टी डालते ही मचा हड़कंप (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
जलजमाव हटाने के लिए डाली गई मिट्टी से सड़क फिसलन भरी।
बाइक और साइकिल सवार फिसलकर गिर रहे, पैदल चलना मुश्किल।
डेढ़ साल से सड़क निर्माण अधूरा, लोग कीचड़-गड्ढों से परेशान।
संवाद सूत्र, कोईलवर(आरा)। नगर की मुख्य सड़क पर बारिश के बाद जलजमाव से राहत दिलाने के लिए नगर कार्यालय कोईलवर की ओर से मिट्टी गिराई गयी थी, लेकिन इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। सड़क पर चिकनी मिट्टी फैलने से रास्ता कीचड़ में तब्दील हो गया है।
स्थिति ऐसी है कि बाइक और साइकिल सवार फिसलकर गिर रहे हैं, वहीं पैदल राहगीर भी संभल-संभलकर सड़क पार करते नजर आए। सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं और बच्चों को हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोईलवर चौक से हनुमतधाम तक नगर की मुख्य सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। जगह-जगह सड़क उखड़ने और गड्ढे होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। जिस सड़क पर आटो हिचकोले खाते गुजरते है। बारिश होने के बाद इन गड्ढों में पानी जमा हो जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है।
डाली गई मिट्टी ने बढ़ाई फिसलन
अब जलजमाव से निजात के लिए डाली गई मिट्टी ने सड़क को और फिसलन भरा बना दिया है। नगरवासी महबूब ने बताया कि सड़क निर्माण की निविदा हुए करीब डेढ़ वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण पूरी नहीं हो सकी है। लोगों को उबड़-खाबड़ रास्ते से आवागमन करना पड़ रहा है।
नगर की मुख्य सड़क पर सरकारी स्तर से मिट्टी गिराए जाने से कीचड़ पसर गया है, जिससे गुजरने वाले बाइक सवार फिसल रहे हैं। -संटू, कोईलवर
कोईलवर थाना चौक से हनुमतधाम मंदिर तक सड़क और गड्ढे में फर्क करना मुश्किल हो गया है। निविदा के डेढ़ साल बीतने पर भी सड़क निर्माण नहीं हुआ। - नौशाद, कोईलवर
