भोजपुर में बोलेरो ने मुखिया पति समेत दो को रौंदा, एक की मौत
भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र अन्तर्गत नासरीगंज-सकड्डी हाईवे पर तीर्थकौल गांव के समीप सोमवार की शाम अनियंत्रित बोलेरो ने बाइक सवार एक मुखिया पति समेत दो लोगों को रौंद दिया।
आरा। भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र अन्तर्गत नासरीगंज-सकड्डी हाईवे पर तीर्थकौल गांव के समीप सोमवार की शाम अनियंत्रित बोलेरो ने बाइक सवार एक मुखिया पति समेत दो लोगों को रौंद दिया। जिसमें एक की मौत हो गई। जबकि, मुखिया सह राजद नेता घायल हो गए। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। मृतक 40 वर्षीय पुत्र विजय सिंह संदेश थाना क्षेत्र के बडीहां गांव निवासी सहजानंद सिंह के पुत्र थे। हादसे में जमुआंव पंचायत के वर्तमान मुखिया पति सह राजद नेता लाल मोहर यादव के 40 वर्षीय पुत्र मनोज यादव को भी चोटें आई है। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया।
--
संदेश से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा इधर घायलों के स्वजनों ने बताया कि विजय सिंह जमुआंव पंचायत के वर्तमान मुखिया पति सह राजद नेता मनोज यादव के साथ सोमवार की दोपहर बाइक से संदेश प्रखंड में किसी काम से आए थे। सोमवार की शाम जब दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे कि इस बीच तीर्थकौल गांव के समीप पीछे से आ रही अनियंत्रित बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक से गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार करने के बाद विजय सिंह की हालत को चिताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया। लेकिन, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। दुर्धटना में पति की मौत के बाद पत्नी ललीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। बीस वर्ष पूर्व शादी हुई थी। कोई संतान नहीं था।