Bhojpur News: अवैध खनन रोकने को सोन नदी में उतरे डीएम-एसपी, 20 गिरफ्तार; 2 नौका जब्त
भोजपुर जिले के कोईलवर सोन नदी में नावों की मदद से अवैध बालू खनन रोकने को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार काे डीएम राजकुमार एवं एसपी संजय कुमार सिंह पूरे अमले के साथ सोन नदी में उतर गए।
आरा, जागरण संवाददाता। भोजपुर जिले के कोईलवर सोन नदी में नावों की मदद से अवैध बालू खनन रोकने को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार काे डीएम राजकुमार एवं एसपी संजय कुमार सिंह पूरे अमले के साथ सोन नदी में उतर गए। मिशन प्रहार अभियान के तहत टीम ने सुरौंधा टोप क्षेत्र में घेराबंदी कर बालू लदे दो नावों को जब्त कर लिया। साथ ही अवैध बालू खनन में संलिप्त 20 धंधेबाजों सहित मजदूरों को धर दबोचा गया।
खनन विभाग की टीम पकड़े गए धंधेबाजों से पूछताछ कर अवैध बालू तस्करी के रैकेट का पता लगा रही है। गौरतलब हो कि भोजपुर जिलाधिकारी राजकुमार, एसपी संजय कुमार सिंह एवं जिला खनन पदाधिकारी आनंद प्रकाश के नेतृत्व में लगातार अवैध बालू खनन रोकने के लिए मिशन प्रहार अभियान चलाया जा रहा है। एक दिन पूर्व भी स्पीड वोट की मदद से एक नाव को जब्त कर 18 धंधेबाजों काे पकड़ा गया था। पकड़े गए आरोपित सारण, खगड़िया, बेगुसराय से लेकर बख्तियापुर क्षेत्र के बताए जा रहे है।
सोन नदी में चार घंटे तक चला अभियान
शुक्रवार की दोपहर से लेकर शाम चार बजे तक करीब चार घंटे तक सुरौंधा टोप क्षेत्र में स्पीड वोट की मदद से अभियान चलाया गया। आपरेशन का नेतृत्व खुद डीएम राज कुमार एवं एसपी संजय सिंह कर रहे थे। साथ में एसडीओ ज्योति नाथ साहदेव ,एएसपी हिमांशु व खनन पदाधिकारी आनंद प्रकाश थे। टीम ने दल-बल के साथ सुरौंधा टोप क्षेत्र में बड़े नावों की मदद से अवैध बालू खनने करते पाया । टीम को देखते ही धंधेबाजों ने भागने की कोशिश की। इसके बाद टीम ने स्पीड वोट से घेराबंदी कर बालू लदे दो बड़े नावों को जब्त कर लिया।
स्पीड वोट का कमाल: हाल में 12 नावें जब्त, सौ पकड़े गए
खनन विभाग को स्पीड वोट मिलने के बाद बीच मजधार से खनन में संलिप्त नावों को जब्त करने एवं धंधेबाजों की गिरफ्तारी में तेजी आई है। हाल के दिनों में करीब 100 गिरफ्तारी हुई है। जबकि, 13 नावों को जब्त किया गया है। 90 लाख रुपये जुर्माना किया गया है। 16 सितंबर को नाव पर पोकलेन फिट कर खनन करते पकड़ा गया था। दो नाव जब्त किए गए थे। 20 गिरफ्तारी हुई थी। सात सितंबर से लगातार स्पीड वोट की मदद से सोन नदी में गश्त कराई जा रही है।