विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर के शाहपुर में गंगा का रौद्र रूप: घरों में घुसा बाढ़ का पानी, कई गांवों पर मंडराया सड़क संपर्क टूटने का खतरा

Published: Fri, 21 Aug 2026 06:14 PM (IST)

शाहपुर प्रखंड के दियारा इलाके में गंगा और धर्मावती नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी घरों में घुस ...और पढ़ें

लक्षुटोला-सारंगपुर सड़क पर चढ़ा पानी

लक्षुटोला-सारंगपुर सड़क पर चढ़ा पानी

HighLights

  1. गंगा-धर्मावती नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा।

  2. शाहपुर के लक्षुटोला सहित कई गांवों में घुसा पानी।

  3. फसलों को नुकसान, सड़क संपर्क टूटने का खतरा।

संवाद सूत्र, शाहपुर(भोजपुर)। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने शाहपुर प्रखंड के दियारा इलाके में चिंता बढ़ा दी है। नदी का पानी खेतों के बाद अब गांवों में तेजी से फैलने लगा है। लक्षुटोला, लालू डेरा, बहोरनपुर, सुहिया और दामोदरपुर पंचायत के कई गांवों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है।

लक्षुटोला पंचायत के लक्षुटोला गांव के वार्ड 13 और 14 में पानी घरों में प्रवेश करने लगा है। अचानक बढ़ते पानी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कई परिवार घर में रखे अनाज और जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए हैं।

लक्षुटोला-सारंगपुर सड़क पर चढ़ा पानी

गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ लक्षुटोला-सारंगपुर पथ पर भी बाढ़ का पानी चढ़ गया है। इससे इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने लगा है।

ग्रामीणों का कहना है कि पानी बढ़ने की रफ्तार जारी रही तो आसपास की दूसरी सड़कों पर भी पानी पहुंच सकता है।

ऐसी स्थिति में कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन ने हालात पर नजर रखने के साथ राजस्व कर्मचारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। ग्रामीण भी संभावित खतरे को देखते हुए जरूरी सामान सुरक्षित करने में जुटे हैं।

धर्मावती नदी बढ़ने से किसानों की बढ़ी चिंता

गंगा के साथ धर्मावती नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है। नदी का पानी खेतों की ओर फैलने लगा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में खड़ी फसलों के डूबने और नुकसान होने का खतरा मंडरा रहा है।

पहले से सूखे की मार झेल रहे किसानों के लिए बाढ़ का पानी नई परेशानी लेकर आया है। यदि जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो दियारा क्षेत्र के और गांवों में पानी फैलने की आशंका है।

रात से तेजी से बढ़ा पानी, घरों में घुसने लगा

लक्षुटोला पंचायत निवासी कृपाशंकर यादव ने बताया कि बीती रात से गंगा के जलस्तर में अचानक तेजी से वृद्धि हुई। कुछ ही समय में गांव में पानी पहुंच गया और कई घर प्रभावित होने लगे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों को आशंका है कि जलस्तर बढ़ने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।

राजस्व कर्मचारियों को मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश

सीओ आनंद प्रकाश ने बताया कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है। सभी राजस्व कर्मचारियों को अलर्ट मोड में रहने और मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाकर काम करने को भी कहा गया है। प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की है।