Move to Jagran APP

बिहार के आरा में बड़ी वारदात, पूर्व मुख्य पार्षद की घर के बाहर हत्या; सीने में पांच गोली मारकर ली जान

भोजपुर के पूर्व मुख्य पार्षद की हत्या कर दी गई। शाहपुर बाजार स्थित उनके घर के पास हथियार बंद अपराधियों ने उन्हें गोली मारी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। शिष्ठ प्रसाद उर्फ मंटू सोनार पर तीन महीने पहले भी जानलेवा हमला किया गया था।

By Deepak SinghEdited By: Akshay PandeyPublished: Sun, 27 Nov 2022 03:31 PM (IST)Updated: Sun, 27 Nov 2022 03:31 PM (IST)
बिहार के आरा में बड़ी वारदात, पूर्व मुख्य पार्षद की घर के बाहर हत्या; सीने में पांच गोली मारकर ली जान
आरा में हत्या के बाद पूछताछ करती पुलिस। इनसेट में पूर्व मुख्य पार्षद का फाइल फोटो।

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के शाहपुर में रविवार की दोपहर हथियार बंद अपराधियों ने शाहपुर नगर पंचायत के पूर्व मुख्य पार्षद वशिष्ठ प्रसाद उर्फ मंटू सोनार (40) की सीने में पांच गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात शाहपुर बाजार स्थित पूर्व मुख्य पार्षद के घर के पास की है। अपराधी दो बाइक पर चार से पांच की संख्या में थे। वारदात के बाद एसपी संजय कुमार सिंह, एएसपी सदर हिमांशु और जगदीश डीएसपी राजीव चन्द्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। तीन महीने के अंदर पूर्व मुख्य पार्षद को दूसरी बार गोली मारी गई। वशिष्ठ प्रसाद उर्फ मंटू सोनार शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर वार्ड नंबर-10 निवासी कपिल वर्मा के पुत्र थे। इस घटना को पूर्व की रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।

loksabha election banner

घर के बाहर घात लगाए बदमाशों ने मारी गोली

शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-10 स्थित पूर्व मुख्य पार्षद के आवास के करीब हथियार बंद हमलावर पूर्व से घात लगाए थे। अपराधियों ने पूर्व मुख्य पार्षद मंटू सोनार के घर से बाहर निकलते ही फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से वे घायल हो गए। शाहपुर बाजार में अचानक फायरिंग के बाद अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। व्यवसायियों ने दुकानें बंद कर दीं। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष नित्यानंद शर्मा समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। वारदात के बाद स्थानीय लोगों द्वारा घायल को इलाज के लिए शाहपुर अस्पताल लाया गया। हालांकि, चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हास्पिटल पहुंचने से पहले वशिष्ठ की मौत हो गई। 

तीन महीने पहले भी मारी गोली 

आठ सितंबर की रात भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर बाजार स्थित घर के समीप हथियारबंद अपराधियों ने वशिष्ठ प्रसाद पर जानलेवा हमला किया था। उस समय काफी करीब से उन्हें दो गोली मारी गई थी। पुलिस ने कांड का खुलासा करते हुए चार-पांच अपराधियों को गिरफ्तार भी किया था। सुपारी देकर गोली मारे जाने की बात सामने आई थी। एक हफ्ते पहले ही पुलिस ने हमला करने वाले एक आरोपित को पकड़ा था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.