12 कॉलेजों के प्राचार्य व सचिव के विरुद्ध हुआ एफआइआर
बना संबंद्धन के अलग-अलग विषयों में नामांकन लेने वाले कॉलेजों के प्राचार्य व सचिवों पर अंतत शनिवार को कानूनी कार्रवाई की गाज गिर गई है।
आरा। बिना संबंद्धन के अलग-अलग विषयों में नामांकन लेने वाले कॉलेजों के प्राचार्य व सचिवों पर अंतत शनिवार को कानूनी कार्रवाई की गाज गिर गई है। इस संबंध में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय कुलानुशासक डॉ. शिव परसन सिंह के बयान पर आरा के नवादा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। धारा 420 अधिनियम के तहत प्राथमिकी में 12 कॉलेजों के प्राचार्य व सचिव को नामजद आरोपी बनाया गया है। सूत्रों के अनुसार दर्ज प्राथमिकी में जन सहकारी कॉलेज, बराप, गड़हनी के प्राचार्य कृष्णा दुबे, सचिव दिनेश्वर प्रसाद सिंह, पयहारी महाराज कॉलेज के प्राचार्य डॉ रवि रंजन, सचिव दिनेश राय, कुंवर सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. योगेन्द्र सिंह, सचिव सुंदरी देवी, तपेश्वर सिंह इंदु महिला कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सुनीता राय, सचिव अनुमंडल पदाधिकारी, महत्मा गांधी कॉलेज लहराबाद, पीरो के प्राचार्य कुमार सुमन, सचिव अवध बिहारी, महाविद्यालय बिहिया के प्राचार्य सरोज शर्मा, सचिव शत्रुध्न शर्मा, पनवारी त्रिदंडी स्वामी कॉलेज के प्राचार्य दयानिधि सिंह, सचिव कपिलमुनी ओझा, श्रीकृष्ण सिंह कॉलेज शाहपुर के प्राचार्य शहबाज वारिस खां, सचिव मो.इसरार खां, मा.वि कॉलेज के प्राचार्य हृदयानंद सिंह, सचिव लक्ष्मण सिंह, केके मंडल महाविद्यालय, जगदीशपुर, प्राचार्य सुदामा सिंह, सचिव एसडीओ, बीएसएस कॉलेज पीरो के प्राचार्य महेन्द्र सिंह, सचिव रामजन्म शर्मा व बिन्देश्वरी कॉलेज, बिहिया के प्राचार्य हरि गोविद ओझा व सचिव राजेन्द्र पांडेय को आरोपी बनाया गया है। सचिव पद पर कार्यरत दो तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी भी आरोपी बनाए गए हैं। प्राचार्य व सचिव मिलाकर कुल 24 लोग इस केस में आरोपित बनाए गए हैं।
----
बिना संबंद्धन के अलग-अलग विषयों में लिया गया छात्रों का नामांकन
सूत्रों की मानें तो सत्र के दौरान वाणिज्य, विज्ञान, कला आदि विषयों में बिना संबंद्घन छात्रों का नामांकन लिए जाने का आरोप है। जांच के दौरान वाणिज्य, विज्ञान आदि विषयों में नामांकन लिए जाने का मामला उजागर हुआ है। जिसमें विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉलेज के प्राचार्य से लेकर सचिवों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने को लेकर लिखित रूप से वरीय पुलिस अफसरों को पत्राचार किया था। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार पुलिस ने धोखाधड़ी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
----
22 से अधिक कॉलेजों को कुछ विषयों में मान्यता नहीं
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के 19 संबद्ध कॉलेज, जिनका राज्य सरकार से संबंद्धन की सहमति प्राप्त नहीं हुई है। उनको दूसरे कॉलेजों से टैग कर दिया गया है। दूसरी तरफ 22 ऐसे कॉलेज हैं, जिनका राज्य सरकार से संबंद्धन प्राप्त है, परन्तु कुछ संकाय व विषय में मान्यता प्राप्त नहीं है। इसे लेकर एक साल पहले ही निर्णय लिया गया था। कुछ विषयों में मान्यता नहीं होने के कारण इन्हें दूसरे कॉलेजों से टैग किया गया था। अब बिना मान्यता के संकाय व विषय में छात्रों का नामांकन लिए जाने के बाद कानूनी रूप से मामला गरमा गया है।