नर्सिंग स्कूल का संचालक गिरफ्तार
नवादा थाना क्षेत्र के मदन जी के हाता मुहल्ला में बुधवार को पुलिस ने छापेमारी कर एक नर्सिंग स्कूल के संचालक अरविद सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
आरा। नवादा थाना क्षेत्र के मदन जी के हाता मुहल्ला में बुधवार को पुलिस ने छापेमारी कर एक नर्सिंग स्कूल के संचालक अरविद सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए नर्सिंग स्कूल के संचालक की पुलिस को करीब एक साल से तलाश थी। इसे लेकर देर शाम तक गहमागहमी देखी गई। पकड़े गए संचालक मदनजी के हाता मुहल्ला के निवासी हैं। बताया जाता हैं कि साल 2019 में जांच के लिए एक टीम आई थी। जांच के दौरान गड़बड़ी पाई गई थी। जिसे लेकर सिविल सर्जन ललितेश्वर प्रसाद झा ने 7 जून 2019 को नवादा थाना में केस दर्ज कराया था। दर्ज प्राथमिकी में धोखाधड़ी किए जाने संबंधी आरोप लगाए गए थे। पुलिस की जांच के दौरान आरोप सत्य पाया गया था। जिसके बाद वरीय अफसरों ने गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। इस बीच बुधवार को महिला दारोगा माधुरी कुमारी ने मदनजी के हाता इलाके में छापेमारी कर आरोपित नर्सिंग स्कूल के संचालक को गिरफ्तार कर लिया। इसे लेकर काफी देर अफरातफरी मची रही। हालांकि, पकड़े गए संचालक ने उपरोक्त आरोपों को बेबुनियाद बताया है।