बाजे गाजे और हाथी घोड़े के साथ निकाली गई भव्य जलभरी सह शोभा यात्रा
राजगीर और नई दिल्ली के बीच चलने वाली राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्रियों को
संवाद सहयोगी, पीरो (भोजपुर) : पीरो अनुमंडल मुख्यालय से सटे ऐतिहासिक बहरी महादेव धाम में श्री सूर्य महायज्ञ को लेकर यहां भव्य जलभरी शोभायात्रा निकाली गई। ख्यातिलब्ध संत श्री मुनीश्वरानंद जी महाराज उर्फ खपड़िया बाबा के शिष्य श्री श्री 1008 श्री हरिहरानंद जी महाराज के निर्देशन में निकाली गयी शोभायात्रा यज्ञ मंडप से शुरू होकर अगिआंव बाजार मुख्य पथ के रास्ते पीरो नगर होते हुए बचरी नहर पुल तक पहुंची, जहां शोभायात्रा में शामिल भक्तजनों ने कलश में जल भरी की। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु नर नारी काफी उत्साह के साथ शामिल हुए। शोभायात्रा में शामिल हाथी, घोड़े व ऊंट के साथ बाजे गाजे से अदभुत नजारा बना हुआ था। इस दौरान शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया था। शोभायात्रा का जगह-जगह स्थानीय लोगों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु जलाशय से जल ग्रहण करने के पश्चात वापस यज्ञ स्थल पहुंच कर धार्मिक विधि विधान के अनुसार मंडप में प्रवेश किए। यज्ञकर्ता श्री हरिहरानंद जी महाराज ने बताया कि इस सात दिवसीय अनुष्ठान के दौरान विभिन्न धर्म स्थलों से आए संतो द्वारा प्रवचन सहित भजन कीर्तन का कार्य संपन्न होगा। आयोजन समिति के सदस्यों के अनुसार 21 अक्टूबर से शुरू सूर्य महायज्ञ में 22 अक्टूबर को मंडप प्रवेश, 23 अक्टूबर को वेदी पूजन, 24 अक्टूबर से 1 नवंबर तक हवन पूजन, 2 नवंबर को यज्ञ की पूर्णाहुति और 4 नवंबर को विशाल भंडारा का आयोजन किया जाएगा।