सांप के काटने से राजमिस्त्री की मौत
संदेश थाना क्षेत्र अन्तर्गत फतेहपुर गांव में शनिवार की सुबह विषैले सांप के काटने से एक अधेड़ की मौत हो गई।
आरा। संदेश थाना क्षेत्र अन्तर्गत फतेहपुर गांव में शनिवार की सुबह विषैले सांप के काटने से एक अधेड़ की मौत हो गई। सदर अस्पताल, आरा में इलाज के लिए लाए जाने के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद लोगों के बीच अफरातफरी मची रही। मृतक 50 वर्षीय बलेश्वर सिंह अजीमाबाद थाना क्षेत्र के लटियरगंज गांव का मूल निवासी था। पेशे से राजमिस्त्री था। वह संदेश थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव अपने ससुराल में ही आठ वर्षों रहता था। शनिवार सुबह जब वह अपने फुस के मकान के छप्पर पर लगे तिरपाल को ठीक कर रहा था कि उसी दौरान विषैले सांप ने उसे काट लिया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ला रहे थे तभी उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।बावजूद इसके परिजन उन्हें सदर अस्पताल लाए। जहां ,चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन अपनी स्वेच्छा से शव का बिना पोस्टमार्टम कराए ही वापस गांव लेकर चले गए। मृतक अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा था।बताया जाता है कि मृतक के परिवार में पत्नी सीता देवी,तीन पुत्री रेणु,सिकू, प्रिया व दों पुत्र आर्यन एवं अनी कुमार उर्फ प्रिस है। हादसे में मौत के बाद घर में कोहराम मच गया।हादसे के बाद मृतक की पत्नी सीता देवी व बेटियों सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।