सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं त्योहार
होली पर्व में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने शनिवार को दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ कृषि भवन सभागार में बैठक की।
आरा। होली पर्व में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने शनिवार को दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ कृषि भवन सभागार में बैठक की। विधि व्यवस्था को लेकर जिले भर में 101 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी ने सौहार्दपूर्ण माहौल में रंगों का त्योहार होली मनाने की अपील जिलेवासियों से की। इस दौरान उन्होंने कई आवश्यक दिशा निर्देश एवं सुझाव दिए। जिलाधिकारी ने विधि व्यवस्था में खलल डालने वाले असमाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया। साथ हीं सभी अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को अपने अपने क्षेत्र में भ्रमणसील रहने का सख्त फरमान जारी किया। जिलाधिकारी ने खासतौर पर होली में हुड़दंग मचाने वाले तत्व एवं सड़कों पर लहरिया कट मोटरसाइकिल चलाने वाले युवकों पर कड़ी नजर रखने एवं कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने क्षेत्र में विधि व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे। अपर समाहर्ता कुमार मंगलम को वरीय प्रभारी पदाधिकारी बनाया गया है, जो विधि व्यवस्था पर नजर रखेंगे। इसके लिए जिला मुख्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जहां अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।