विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Bhumi: जमीन की रजिस्ट्री से पहले अंचलाधिकारी की जांच जरूरी, 80+ बुजुर्गों को घर बैठे मिलेगी सुविधा

Published: Wed, 20 May 2026 05:59 PM (GMT+05:30)

भोजपुर जिले में जमीन निबंधन को पारदर्शी और आसान बनाने के लिए दो नई सुविधाएं शुरू की गई हैं। अब ...और पढ़ें

जमीन की रजिस्ट्री से पहले अंचलाधिकारी की जांच जरूरी, 80+ बुजुर्गों को घर बैठे मिलेगी सुविधा

जमीन की रजिस्ट्री से पहले अंचलाधिकारी की जांच जरूरी, 80+ बुजुर्गों को घर बैठे मिलेगी सुविधा

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में जमीन निबंधन (Bihar Jamin Registry) व्यवस्था को पारदर्शी, सुरक्षित और आम लोगों के लिए आसान बनाने की दिशा में गुरुवार से दो बड़ी सुविधाओं की शुरुआत होने जा रही है।

अब जमीन की रजिस्ट्री कराने से पहले इच्छुक लोग संबंधित अंचलाधिकारी (सीओ) से जमीन की जांच करा सकेंगे। वहीं, 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए घर बैठे निबंधन सेवा भी शुरू होगी।

राज्य सरकार की ये दोनों योजनाएं सात निश्चय पार्ट-थ्री के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान में लागू की गई हैं।

निबंधन विभाग ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। जिले के सभी सीओ को लागिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध करा दिए गए हैं, ताकि वे आनलाइन आवेदन पर जमीन की स्थिति की जांच कर सकें। इस नई व्यवस्था के तहत जमीन खरीदने या बेचने वाला व्यक्ति यदि चाहे तो निबंधन से पहले सीओ कार्यालय से जमीन की सत्यता, स्वामित्व और विवाद की स्थिति की जांच करा सकेगा।

यह सुविधा पूरी तरह स्वैच्छिक होगी। जो लोग इस जांच का लाभ लेना चाहेंगे, उन्हें यह सुविधा मिलेगी, जबकि जो नहीं चाहेंगे उनकी रजिस्ट्री पहले की तरह सामान्य प्रक्रिया से होती रहेगी। नए सिस्टम में आवेदन मिलने के बाद संबंधित सीओ को दस दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट देनी होगी।

यदि निर्धारित समय में रिपोर्ट नहीं आती है तो जमीन को स्वत: सही मान लिया जाएगा और आगे की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि इससे जमीन खरीदने वाले लोगों को पहले ही पूरी जानकारी मिल जाएगी और भविष्य में होने वाले विवादों से बचाव संभव होगा। जमीन संबंधी मुकदमों और धोखाधड़ी के मामलों में भी कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

इधर, जिले में पहली बार 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए घर पर निबंधन सेवा भी शुरू की जा रही है। अब बुजुर्गों को जमीन की खरीद-बिक्री या अन्य निबंधन कार्य के लिए कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। विभाग की मोबाइल यूनिट सीधे उनके घर पहुंचेगी और वहीं पूरी प्रक्रिया पूरी करेगी।

पहले यह सुविधा केवल गंभीर रूप से बीमार और लाचार लोगों तक सीमित थी, लेकिन अब सभी 80 प्लस बुजुर्गों को इसका लाभ मिलेगा। इस सुविधा को प्रभावी बनाने के लिए जिले के आरा, जगदीशपुर और पीरो तीनों निबंधन कार्यालयों में तीन मोबाइल यूनिट तैनात की गई हैं।

प्रत्येक यूनिट में प्रशिक्षित कर्मी, लैपटॉप, प्रिंटर और जरूरी दस्तावेजी उपकरण उपलब्ध रहेंगे। कर्मी बुजुर्गों के घर जाकर सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करेंगे और वहीं निबंधन कार्य संपन्न कराया जाएगा।

भोजपुर में रोजाना 150 लोग सुविधा का उठा सकते हैं लाभ

भोजपुर जिले दोनों योजनाओं का लाभ तीनों रजिस्ट्री कार्यालय में 150 से ज्यादा लोग उठा सकते हैं। यहां पर हर दिन 150 से ज्यादा जमीन की खरीद बिक्री होती है। सबसे ज्यादा आरा में 90, जगदीशपुर में 40 और पीरो में बीस कागजात रोजाना आते हैं।

दोनों योजना के शुरू होने से लोगों को मिलेगा लाभ

जिले में दोनों नई योजनाओं से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। एक ओर जमीन खरीदने से पहले उसकी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी, वहीं दूसरी ओर बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक और सुविधाजनक तरीके से घर बैठे सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। योजना शुरू करने की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। - तारकेश्वर पांडेय, डीएसआर आरा

यह भी पढ़ें- Bhojpur News: भोजपुर जिले में कागज पर दौड़ रही खेतों तक बिजली, कृषि फीडर के 729 मामले पेडिंग