विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खेत-खलिहान नहीं, भोजपुर के रेलवे स्टेशन पर सांप ने डसा; ट्रेन का इंतजार कर रहे 25 वर्षीय युवक की मौत

Published: Sat, 03 Oct 2026 05:30 PM (IST)

भोजपुर के कुल्हड़िया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे 25 वर्षीय युवक पवन कुमार की सांप के डसने ...और पढ़ें

युवक की मौत के बाद अस्‍पताल में लगी भीड़। जागरण

युवक की मौत के बाद अस्‍पताल में लगी भीड़। जागरण

HighLights

  1. युवक को कुल्हड़िया स्टेशन पर सांप ने डसा।

  2. 25 वर्षीय पवन कुमार की इलाज के दौरान मौत।

  3. मां ने बेटों की सलामती के लिए रखा था जिउतिया व्रत।

जागरण संवाददाता, आरा। अक्‍सर सर्पदंश की घटनाएं खेत-ख‍ल‍िहान, फूस के घरों में होती है। यदि स्‍टेशन पर क‍िसी को सांप डस ले, यह सुनना अजीब लग सकता है। लेकिन ऐसा ही हुआ है। 

दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड के कुल्हड़िया स्टेशन पर शनिवार की दोपहर विषैले सांप के डसने से एक युवक की मौत हो गई।

मृतक 25 वर्षीय पवन कुमार चांदी थाना क्षेत्र के भदवर गांव निवासी अनिल कुमार सिंह का पुत्र था। वह बीए का छात्र था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। 

युवक स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था, तभी सांप ने उसके पैर में डस लिया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

प्रत‍ियोग‍िता परीक्षा की तैयारी कर रहा था पवन 

मृतक के छोटे भाई प्रशांत कुमार ने बताया कि पवन आरा में अपने जीजा के पास जाने के लिए कुल्हड़िया स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान विषैले सांप ने उसके दाहिने पैर में डस लिया। सर्पदंश के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। सूचना मिलने पर स्वजन उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घर में मां ने रखा था जिउतिया व्रत

पवन दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां प्रभावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

स्वजन के अनुसार, मां ने अपने दोनों बेटों की सलामती और लंबी उम्र के लिए जिउतिया व्रत रखा था, लेकिन व्रत के बीच ही बेटे की मौत की खबर ने परिवार को झकझोर दिया।