भोजपुर SP ने किया सनसनीखेज खुलासा- युवक की मौत नहीं हत्या हुई थी, जानिए
भोजपुर के बिहियां में युवक की मौत के बाद मचे उपद्रव के बाद आज युवक के शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि युवक की मौत नहीं हुई थी बल्कि उसकी हत्या की गई थी।
भोजपुर [जेएनएन]। भोजपुर में युवक का शव मिलने पर मचे बवाल के बाद आज पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि युवक की मौत नहीं हुई थी बल्कि उसकी हत्या गला दबा कर की गयी थी। इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आने के बाद हुआ है।
इसकी जानकारी एसपी अवकाश कुमार ने बिहिया थाने में आयोजित प्रेस कांफ्रेन्स में दी। उन्होंने कहा कि महिला से दुर्व्यवहार किए जाने के मामले में वीडियो फुटेज के आधार पर फिलहाल 15 लोगो को गिरफ्तार किया गया है। जिनकी पहचान पीड़ित महिला ने की है। फुटेज के आधार पर दोषियों को चिह्नित किया जा रहा है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
एसपी ने बताया की दोषी बख्शे नही जाएंगे। हत्या के कारण के संबंध में पूछने पर उनका कहना था कि इसकी जांच चल रही है। इसके लिए मृतक का सीडीआर खंगाले जाने के अलावे आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है।
बिहिया में युवक की हत्या के बाद हुए उपद्रव व इस दौरान एक दलित महिला को निर्वस्त्र घुमाए जाने से हाई प्रोफाइल बने उक्त कांड की जांच के सिलसिले में मंगलवार को जिलाधिकारी व एसपी बिहिया थाना पहुंचे।
अधिकारियों ने इस संबंध में सुरक्षा के दृष्टिकोण से थाना में रखी गयी दुर्व्यवहार की शिकार दलित महिला और इस मामले में गिरफ्तार लोगो से घंटों पूछताछ की। उनके साथ जिला कल्याण पदाधिकारी, डीपीआरओ तथा महिला हेल्प लाइन की सदस्य के अलावे बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान भी बिहिया पहुंचे थे।
बाद में अधिकारी रेडलाइट एरिया स्थित घटना स्थल भी गए और स्थिति का मुआयना किया। जहां घरों में ताला बन्द था।लोग घर छोड़ कर फरार थे। पूरा मुहल्ला वीरान था। बताते चलें कि सोमवार को शाहपुर थाना के दामोदरपुर निवासी गणेश साह के 17 वर्षीय पुत्र विमलेश कुमार साह की हत्या कर दी गयी थी जिसका शव रेडलाइट एरिया के समीप पड़ा हुआ पाया गया था।
शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद अधिकार क्षेत्र के विवाद में समय रहते न तो स्थानीय पुलिस पहुंची न ही जीआरपी। इसके बाद लोगो में जो गुस्सा फूटा उसने देखते ही देखते बड़ा उपद्रव का रूप ले लिया। उपद्रवियों ने रेडलाइट एरिया के कई घरों, दुकानों को आग के हवाले कर दिया, तोड़फोड़ की, पुलिस पर पथराव किया।
इस दौरान उपद्रवियों ने एक शर्मसार कर देने वाली घटना को अंजाम देते हुए रेडलाइट एरिया में रहने वाली एक दलित महिला को निर्वस्त्र कर सरेआम घुमाया। पर पुलिस कुछ नही कर सकी। उपद्रवी पुलिस पर भारी पड़ते रहे। बाद में एसपी और आठ थानों की पुलिस तथा जिला से अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद उपद्रवियों पर काबू पाया जा सका।