भोजपुर में 3 बड़ी सड़क परियोजनाओं का रास्ता साफ, वन विभाग से मिली मंजूरी; 70 करोड़ से ज्यादा होंगे खर्च
वन विभाग से मंजूरी मिलने के बाद भोजपुर जिले में तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का निर्माण कार्य तेज हो गया ...और पढ़ें

जीरो माइल-पातर फोरलेन का तेजी से होने लगा निर्माण। सौ: विभाग
जाागण संवाददाता, आरा। लंबे इंतजार के बाद वन विभाग से एप्रूवल मिलने के बाद जिले में सड़क निर्माण की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का रास्ता साफ हो गया है।
पथ निर्माण विभाग की सात सड़कों में से तीन को वन विभाग ने निर्माण की मंजूरी दे दी है। एप्रूवल मिलते ही इन सड़कों पर निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है।
जहां कुछ सड़कों पर पहले से धीमी गति से काम चल रहा था, वहां अब पेड़ों की कटाई सहित अन्य बाधाएं दूर कर तेजी से निर्माण कराया जा रहा है।
पीरो-तरारी के दो तथा उदवंतनगर की एक सड़क का तेजी से होगा कार्य
पथ निर्माण विभाग का दावा है कि अगले दो से तीन माह में इन तीनों सड़कों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
वन विभाग से एप्रूवल मिलने वाली सड़कों में उदवंतनगर प्रखंड क्षेत्र की जीरो माइल से पातर सड़क भी शामिल है। करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क को फोरलेन के रूप में विकसित किया जाना है।
इसकी चौड़ाई 22 मीटर होगी और निर्माण पर करीब 21 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। एनओसी मिलने के बाद सड़क निर्माण में आ रही वन विभाग से संबंधित बाधाएं दूर हो गई हैं।
इससे इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण में तेजी आने की उम्मीद है। वहीं, पीरो प्रखंड क्षेत्र में ओझवलिया पुल से बचरी पुल बाईपास पथ के निर्माण को भी वन विभाग की मंजूरी मिल गई है।
करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क की चौड़ाई 10 मीटर होगी। सड़क निर्माण पर लगभग 17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। एनओसी मिलने के बाद विभाग ने निर्माण कार्य को गति दे दी है।
इसी तरह कुरमुरी से बंधवा पथ तक करीब नौ किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण का रास्ता भी साफ हो गया है। इस सड़क की चौड़ाई 5.5 मीटर है और निर्माण पर करीब 32 करोड़ रुपये खर्च होने हैं।
एनओसी के अभाव में कार्य प्रभावित हो रहा था। अब मंजूरी मिलने के बाद पेड़ कटिंग समेत अन्य आवश्यक कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
अभी भी फंसा हुआ है कई सड़कों का निर्माण कार्य
वन विभाग से एनओसी नहीं मिलने के कारण जिले की चार महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण अभी भी अटका हुआ है। इनमें वामपाली से चंदवा मोड़ सड़क, आरण्य देवी से एनएच-922 आरा-सिन्हा सड़क, बिहिया चौरस्ता सड़क तथा शहर में पूर्वी आरओबी से पश्चिमी आरओबी तक की सड़क शामिल है।
इन सड़कों के निर्माण के लिए वन विभाग की मंजूरी का इंतजार है। एनओसी मिलने के बाद ही इन परियोजनाओं पर भी निर्माण कार्य में तेजी आने की संभावना है।
तीन माह में सड़क निर्माण कार्य हो जाएगा पूरा
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सिकंदर पासवान ने बताया कि तीन सड़कों के लिए वन विभाग एप्रूवल प्राप्त हो गई है। इसके बाद निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है।
पेड़ कटिंग समेत अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। विभाग का लक्ष्य है कि अगले दो से तीन माह में तीनों सड़कों का निर्माण पूरा कर आवागमन के लिए उपलब्ध करा दिया जाए।
