तीन माह से बिजली संकट, भोजपुर में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; सड़क जाम कर जताया आक्रोश
रमदतही गांव के ग्रामीण पिछले तीन माह से बिजली संकट से परेशान हैं, जिसके चलते उन्होंने शाहपुर-करनामेपुर मुख्य सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

सड़क पर उतरकर आक्रोश जताते ग्रामीण।
HighLights
रमदतही गांव में तीन माह से बिजली संकट जारी।
आक्रोशित ग्रामीणों ने शाहपुर-करनामेपुर मुख्य सड़क जाम की।
उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर व स्थायी समाधान की मांग।
पंचायत सूत्र, करनामेपुर (शाहपुर)। एक ओर कुछ घंटे में ट्रांसफाॅर्मर बदलने का दावा किया जाता है, वहीं दूसरी ओर रमदतही गांव के लोग पिछले करीब तीन माह से बिजली संकट झेल रहे हैं।
लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से परेशान ग्रामीणों का रविवार सुबह आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण शाहपुर-करनामेपुर मुख्य सड़क पर उतर आए और रमदतही गांव के समीप सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों के सड़क पर उतरने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए गांव में जल्द स्थायी समाधान की मांग की।
तीन माह से बिजली संकट से परेशान ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब तीन माह से गांव में बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब है। बार-बार ट्रांसफाॅर्मर जलने या खराब होने के कारण कई-कई दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।
ट्रांसफाॅर्मर बनने के बाद किसी तरह बिजली आपूर्ति शुरू होती है, लेकिन महज एक-दो दिन बाद ही वह फिर खराब हो जाता है।
इस कारण उमस भरी गर्मी में ग्रामीणों और उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने से घरों के साथ-साथ छोटे कारोबार और अन्य दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ स्थायी समाधान
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों और अभियंताओं को कई बार जानकारी दी गई। इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। बार-बार शिकायत के बाद भी स्थिति जस की तस बनी रहने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती गई।
रविवार को गर्मी और उमस के बीच लोगों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर वाहन खड़े कर आवागमन रोक दिया और विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने से शाहपुर-करनामेपुर मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
अधिक क्षमता का ट्रांसफाॅर्मर लगाने की मांग
ग्रामीणों ने गांव में अधिक क्षमता वाला ट्रांसफाॅर्मर लगाने के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली संकट का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
