भोजपुर में आर्केस्ट्रा के ठिकाने पर पुलिस की रेड, बंधक बनाई गईं 12 लड़कियां मुक्त; 3 नाबालिग भी शामिल
भोजपुर पुलिस ने 'ऑपरेशन नया सवेरा 3.0' के तहत धोबहां गांव में एक आर्केस्ट्रा ठिकाने पर छापा मारकर 12 लड़कियों ...और पढ़ें

भोजपुर में मुक्त कराई गईं लड़कियां। जागरण
HighLights
भोजपुर पुलिस ने आर्केस्ट्रा ठिकाने से 12 लड़कियों को मुक्त कराया।
मुक्त कराई गई लड़कियों में तीन नाबालिग, जबरन नर्तकी का दबाव।
दो आरोपी गिरफ्तार, मानव तस्करी व पाक्सो एक्ट के तहत मामला।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 टी के तहत चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
रविवार को पुलिस ने धोबहां थाना क्षेत्र के धोबहां गांव स्थित एक बगीचे में बने आर्केस्ट्रा के ठिकाने पर छापेमारी कर जबरन रखी गईं 12 लड़कियों को मुक्त कराया हैं।
इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया हैं। मुक्त कराई गई लड़कियां छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं।
जबरन नर्तकी का काम करने का बनाया जा रहा था दबाव
इनमें तीन नाबालिग एवं नौ बालिग बताई जा रही हैं। आरोप हैं कि उन्हें रोजगार देने के नाम पर बुलाया गया था, लेकिन यहां पहुंचने के बाद उन पर जबरन नर्तकी का काम करने का दबाव बनाया जाने लगा।
विरोध करने पर उन्हें कुछ दिनों से टिन से घिरे एक घर में बंधक बनाकर रखा गया था। गिरफ्तार आरोपितों में बड़हरा थाना क्षेत्र के बबुरा थाना के गोवर्धनचक जलपुरा गांव निवासी मुकेश कुमार पासवान और उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले की जुली कुमारी शामिल है।
इस मामले में धोबहां थाना क्षेत्र के धोबहां गांव निवासी अलग-अलग संचालक केशो पासवान, किशोर राम और मानपुर गांव निवासी सोनू यादव समेत अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है।
लड़कियां छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की रहने वाली
इसे लेकर पाक्सो एक्ट एवं श्रम कानून के तहत पांच के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी की गई हैं। संचालक भी फरार है।
इधर, आरा सदर एसडीपीओ-वन सुशील कुमार ने प्रेस बयान जारी कर बताया कि रविवार की सुबह करीब 11:30 बजे धोबहां थाना पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के धोबहां गांव स्थित बगीचे में टिन से घिरे एक घर में कुछ बालिग और नाबालिग लड़कियों को जबरन बंधक बनाकर रखा गया है।
सूचना के सत्यापन के बाद महिला थानाध्यक्ष नीतू कुमारी, मानव व्यापार निरोधक थाना में पदस्थापित महिला दारोगा गुड़िया कुमारी, धोबहां थानाध्यक्ष वर्षा रानी और अन्य महिला पुलिसकर्मियों की टीम गठित की गई।
इसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से कुल 12 लड़कियों को बरामद कर मुक्त कराया गया।
पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि उन्हें रोजगार दिलाने का झांसा देकर बुलाया गया था और बाद में जबरन नर्तकी का काम करने के लिए दबाव बनाया जाने लगा।
--
