विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर में जाम से निपटने की नई रणनीति, हाईवे पर बनाए गए 6 नए ट्रैफिक प्वाइंट; अफसर-जवान रहेंगे तैनात

Published: Tue, 08 Sep 2026 09:22 AM (IST)

भोजपुर पुलिस ने जिले के प्रमुख हाईवे पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए नई यातायात व्यवस्था लागू की ...और पढ़ें

हाईवे पर ट्रैफिक सिस्टम को लेकर मुआयना करते एसपी अवधेश दीक्षित। सौ: पुलिस

हाईवे पर ट्रैफिक सिस्टम को लेकर मुआयना करते एसपी अवधेश दीक्षित। सौ: पुलिस

HighLights

  1. भोजपुर में हाईवे जाम से निपटने को नई व्यवस्था।

  2. छह नए ट्रैफिक प्वाइंट पर पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात।

  3. वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने को समन्वय प्रणाली।

दीपक, आरा। भोजपुर जिले से गुजरने वाले प्रमुख हाईवे पर आए दिन लगने वाले जाम से निपटने के लिए पुलिस ने नई यातायात व्यवस्था तैयार की है।

इसके तहत जिले में में करीब छह नए ट्रैफिक प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। इन प्वाइंटों पर पुलिस अफसर और जवान तैनात रहेंगे, जो हाईवे पर वाहनों के दबाव और जाम की स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे।

नए ट्रैफिक प्वाइंट में आरा-मोहनिया हाईवे पर धनगाई और असनी, आरा-सासाराम हाईवे पर जीरो माइल, तेतरिया व सुढ़नी तथा आरा-अरवल मुख्य मार्ग पर भगवानपुर शामिल हैं।

यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने का प्रयास 

सभी प्वाइंटों को आपस में समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। आरा-पटना हाईवे पर कायमनगर, सकड्डी व मनभावन मोड़ तथा आरा-छपरा फोरलेन पर झलकुनगर व बबुरा समेत अन्य स्थानों पर पहले से ट्रैफिक पोस्ट हैं।

नई व्यवस्था के तहत इन सभी प्वाइंटों को आपस में जोड़कर वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने की योजना है। भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित की पहल पर तैयार इस व्यवस्था के तहत किसी एक स्थान पर वाहनों का दबाव बढ़ने या जाम की स्थिति बनने पर संबंधित ट्रैफिक प्वाइंट से दूसरे प्वाइंट पर सूचना दी जाएगी।

इसके बाद बड़े वाहनों के परिचालन को नियंत्रित किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार वाहनों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि किसी एक स्थान पर वाहनों का अत्यधिक दबाव नहीं बने।

खासकर बड़े वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने और जाम की स्थिति बनने से पहले ही आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया जाएगा। एसपी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर काम करने तथा हाईवे पर यातायात को सामान्य गति से संचालित कराने का निर्देश दिया है।

फीडबैक लेकर आगे बढ़ाए जाएंगे बड़े वाहन

एसपी अवधेश दीक्षित ने धनगाई, असनी और कायमनगर ट्रैफिक प्वाइंट से फीडबैक लेकर बड़े वाहनों को आगे गंतव्य की ओर रवाना करने का निर्देश दिया है।

इसका उद्देश्य जीरो माइल समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर वाहनों का अनावश्यक दबाव बढ़ने से रोकना है। ट्रैफिक टीम एक-दूसरे के संपर्क में रहकर वाहनों के आवागमन की स्थिति की जानकारी साझा करेगी।

सभी ट्रैफिक प्वाइंट पर अफसर-जवान रहेंगे तैनात

पुलिस के अनुसार, सभी ट्रैफिक प्वाइंट पर पुलिस पदाधिकारी और जवानों की तैनाती रहेगी। संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस के अलावा ट्रैफिक विभाग को भी इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। ट्रैफिक डीएसपी को भी व्यवस्था की निगरानी के लिए लगाया गया है।

हाईवे पर बाढ़ के पानी से दूसरे मार्गों पर बढ़ा वाहनों का दबाव

आरा-बक्सर पुराने हाईवे पर अख्तियारपुर-चौकीपुर और बड़कागांव के पास बाढ़ का पानी चढ़ने से वाहनों का दबाव दूसरे मार्गों पर बढ़ गया है। पुराने हाईवे से आवागमन प्रभावित होने के कारण बड़े वाहन रूट बदलकर जीरो माइल के रास्ते आ-जा रहे हैं।

इससे जीरो माइल समेत आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ा है। इसी समस्या से निपटने के लिए पुलिस ने ट्रैफिक प्वाइंट के माध्यम से वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने की कवायद शुरू की है।
---