पहले पिता पकड़े गए, अब बेटे की बारी; भोजपुर में उसी किराना दुकान से पुलिस ने बरामद किया 8.760 किलो गांजा
पुलिस ने भोजपुर जिले में एक किराना दुकान की आड़ में चल रहे गांजा बिक्री रैकेट का भंडाफोड़ किया है, ...और पढ़ें

बरामद गांजा के साथ पुलिस अधिकारी।
HighLights
किराना दुकान की आड़ में गांजा बिक्री का खुलासा।
पुलिस ने 8 किलो 760 ग्राम गांजा बरामद किया।
दुकानदार अमित ठाकुर गिरफ्तार, दो साल से सक्रिय था।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में किराना दुकान की आड़ में गांजा की खरीद-बिक्री किए जाने का पुलिस ने राजफाश किया है।
पीरो थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मनैनी छलका स्थित एक किराना दुकान में छापेमारी कर आठ किलो 760 ग्राम गांजा बरामद किया।
मौके से डिजिटल तराजू व मोबाइल भी मिला। पुलिस ने दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित सिकरहटा थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव निवासी अमित ठाकुर है।
दो वर्षों से बेच रहा था गांजा
इसकी जानकारी पीरो एसडीपीओ कन्हैया कुमार ने शनिवार को प्रेस वार्ता में दी।उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मनैनी छलका स्थित अमित ठाकुर की किराना दुकान में गांजा छिपाकर उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर एसडीपीओ कन्हैया कुमार के नेतृत्व में पीरो अंचलाधिकारी व पुलिस बल की टीम ने दुकान पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान आठ किलो 760 ग्राम गांजा, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में अमित ने पुलिस को बताया कि वह सिकरहटा थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी एक व्यक्ति से गांजा लेकर करीब दो वर्षों से उसकी खरीद-बिक्री कर रहा था।
मामले में अमित ठाकुर और फतेहपुर निवासी उक्त व्यक्ति के विरुद्ध पीरो थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पिता भी पकड़े गए थे गांजा के साथ
पुलिस के अनुसार, इससे पहले 28 जुलाई को भी पीरो थाना पुलिस ने मनैनी छलका स्थित इसी किराना दुकान पर छापेमारी की थी। उस दौरान 380 ग्राम गांजा बरामद हुआ था और अमित ठाकुर के पिता श्रीराम ठाकुर को गिरफ्तार किया गया था।
