विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा में 3,487 लोगों को जल्द मिलेगा PNG कनेक्शन, डीएम ने तय की समयसीमा; 16 हजार से ज्यादा लोगों ने द‍िया आवेदन

Published: Wed, 14 Oct 2026 07:15 PM (IST)

भोजपुर जिले में 3,487 लंबित पीएनजी कनेक्शन दिसंबर तक लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने शहरी गैस निगरानी समिति का गठन कर ...और पढ़ें

जगदेवनगर में पीएनजी कनेक्शन के लिए चलाया जा रहा जागरूकता अभियान। सौ: कंपनी

जगदेवनगर में पीएनजी कनेक्शन के लिए चलाया जा रहा जागरूकता अभियान। सौ: कंपनी

HighLights

  1. दिसंबर तक 3,487 लंबित पीएनजी कनेक्शन लगाने का लक्ष्य।

  2. शहरी गैस निगरानी एवं समन्वय समिति का जिलाधिकारी द्वारा गठन।

  3. आरा के सभी सरकारी क्वार्टरों में पीएनजी कनेक्शन का निर्देश।

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में पाइपलाइन से रसोई गैस (PNG) का कनेक्शन लेने के लिए आवेदन करने वालों को अब अधिक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

जिला प्रशासन ने दिसंबर से पहले सभी लंबित कनेक्शन लगाने का लक्ष्य तय किया है। आरा शहर के सभी सरकारी क्वार्टरों में भी पीएनजी कनेक्शन देने का निर्देश दिया गया है।

जिले में अब तक 16,167 लोगों ने पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। इनमें से 12,680 कनेक्शन लगाए जा चुके हैं, जबकि 3,487 आवेदन लंबित हैं।

शहरी गैस निगरानी एवं समन्वय समिति का डीएम ने किया गठन

प्रशासन ने तय समयसीमा में इन आवेदनों का निष्पादन करने पर जोर दिया है। कनेक्शन लगाने की गति तेज करने और विभागों के बीच समन्वय बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने शहरी गैस निगरानी एवं समन्वय समिति गठित की है।

उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अरुण प्रकाश समिति के अध्यक्ष बनाए गए हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी मोईज जिया, इंडियन ऑयल कारपोरेशन लिमिटेड (IOCL) के पदाधिकारी अंकित कुमार और उपनगर आयुक्त इसके सदस्य हैं।

आरा के सभी सरकारी क्वार्टरों में तेजी से कनेक्शन देने का आदेश

समिति कनेक्शन लगाने में आ रही समस्याओं की निगरानी कर उनके समाधान के लिए कदम उठाएगी। डीडीसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कनेक्शन देने में हो रही देरी पर नाराजगी जताई गई और प्रक्रिया तेज करने को कहा।

अधिकारियों को लंबित आवेदनों की समीक्षा कर दिसंबर तक लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया। आरा के सभी सरकारी क्वार्टरों में भी पीएनजी कनेक्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।