Ara News: 3 सीनियर अधिकारियों के साथ की ऐसी हरकत, 50 लोगों के खिलाफ दर्ज हो गई FIR; छापेमारी शुरू
बड़हरा में बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों का रास्ता रोकने पर दो नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। बाढ़ नियंत्रण विभाग कटाव रोधी कार्य का निरीक्षण करने गया था तभी कुछ लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। विभाग अब सतर्क है और कार्रवाई कर रहा है।

संवाद सूत्र, बड़हरा (आरा)। कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के अचरज राय टोला गांव में बाढ़ नियंत्रण विभाग के मुख्य अभियंता पटना, अधीक्षण अभियंता बक्सर और भोजपुर के मुख्य अभियंता समेत अन्य पदाधिकारियों, अधिकारियों व कर्मचारियों के रास्ता रोकने के मामले में दो नामजद और 50 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस ने दर्ज प्राथमिकी के आधार पर नामजद और अज्ञात लोगों को चिह्नित कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दिया है। पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी को देख इस मामले में शामिल लोगों में खलबली मच गई है।
बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों और पदाधिकारियों पर बीते दिन हुई घटना को लेकर विभाग काफी चौकस है। ऐसे असमाजिक तत्वों से निपटने के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
बाढ़ नियंत्रण विभाग के अवर प्रमंडल पदाधिकारी आशीष रंजन के बयान पर प्राथमिकी में नामजद केवटिया गांव निवासी मुना सिंह, बलुआ गांव निवासी सुगानी पाण्डेय और 50 अज्ञात लोगों पर सरकारी कार्य में बिना किसी कारण बाधा पहुंचाने और अधिकारियों व पदाधिकारियों के कार्य निरीक्षण के दौरान करीब दो घंटा तक बल्ला और ट्रैक्टर से रास्ते को अवरुद्ध करने का आरोप है।
बता दें कि विगत बुधवार के दिन अचरज राय के टोला के समीप गंगा नदी में बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा कटाव रोधी कार्य देखने के लिए बिहार के मुख्य अभियंता आलोक कुमार, अधीक्षण अभियंता धनंजय कुमार पाण्डेय और भोजपुर के मुख्य अभियंता अभिषेक कुमार के साथ विभाग के अन्य अधिकारी, पदाधिकारी और कर्मचारी गए थे। उसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।