विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर में बनेगा चौथा पावर ग्रिड, सवा लाख बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत; 8 एकड़ जमीन आवंटित

Published: Wed, 28 Oct 2026 04:57 PM (IST)

भोजपुर जिले में बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए संदेश के अखगांव में चौथा पावर ग्रिड स्थापित होगा। इससे 1.25 लाख ...और पढ़ें

अखगांव पावर सब स्टेशन के बगल में बनेगा में जिले का चौथा पावर ग्रि‍ड। जागरण

अखगांव पावर सब स्टेशन के बगल में बनेगा में जिले का चौथा पावर ग्रि‍ड। जागरण

HighLights

  1. भोजपुर में अखगांव में चौथा पावर ग्रिड बनेगा।

  2. सवा लाख से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।

  3. निर्माण के लिए 8 एकड़ जमीन आवंटित की गई।

धर्मेंद्र कुमार सिंह, आरा। भोजपुर जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और सुधारने के लिए साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (SBPDCL) ने जिले का चौथा पावर ग्रिड संदेश प्रखंड के अखगांव में बनाने का निर्णय लिया है।

इसके लिए जिला प्रशासन ने उसे 8 एकड़ जमीन का भी आवंटन कर दिया है, ताकि निर्माण कार्य तेजी से प्रारंभ हो सके।

इसके बनने से जिले के सात पावर सब स्टेशन की दूरी काफी घट जाएगी और सवा लाख से ज्यादा बिजली उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

सितंबर में भेजा गया था प्रस्‍ताव 

संदेश के अखगांव में चौथा पावर ग्रिड बनाने का बिजली कंपनी ने राज्य मुख्यालय को प्रस्ताव डीएम के माध्यम से सितंबर माह में ही भेज दिया था, जिसकी जल्द मंजूरी मिलने की संभावना है।

वर्तमान में सभी सात पावर सब स्टेशन की बिजली आपूर्ति आरा और पीरो पावर ग्रिड से होती है। आरा पावर ग्रिड से इन सब स्टेशनों की दूरी 15 किलोमीटर से लेकर 60 किलोमीटर के बीच में पड़ती है।

इतनी ज्यादा दूरी होने के कारण बिजली आपूर्ति व्यवस्था अक्सर प्रभावित होती रहती है। इस कारण कभी लो वोल्‍टेज, कभी ट्र‍िपिंग तो कभी तार टूटने जैसी परेशानियों का सामना उपभोक्‍ताओं को करना पड़ता है।

दूसरी तरफ लंबी दूरी होने के कारण बार-बार मेंटेनेंस और अन्य कार्य कर्मचारियों को भी करने में परेशानी होती है। इसके बन जाने से 15 से 60 किलोमीटर की दूरी घटकर महज 200 मीटर से 30 किलोमीटर के बीच रह जाएगी।

तब अचानक फाॅल्ट आने पर भी समस्या को जल्द ठीक करने में काफी सुविधा होगी। इस क्षेत्र के लोगों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुधारने के लिए लंबे समय से की जा रही मांग भी पूरी हो जाएगी।

आरा-पीरो और पटना प्रमंडल को भी मिलेगा लाभ

अखगांव में जिले का चौथा पावर ग्रिड बनने से आरा पीरो के साथ-साथ पटना प्रमंडल को भी इसका लाभ मिलेगा। क्‍योंक‍ि आरा ग्रीड से चलने वाले पावर सब स्टेशन संदेश, अखगांव और बहीयारा की कनेक्शन दूरी कम हो जाएगी।

पीरो ग्रीड से चलने वाले पावर सब स्टेशन सहार, अजीमाबाद, और अगिआंव तथा पटना के परेव से कोईलवर पावर सब स्टेशन की बिजली आपूर्ति भी अखगांव से होने लगेगी।

इससे एक तरफ जहां जिले के अन्य 9 पावर सब स्टेशन के लगभग साढ़े तीन लाख उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति में सुधार होगी।

वहीं दूसरी ओर इन 7 पावर सब स्टेशन के सावा लाख लोगों को विशेष सुविधा मिलने लगेगी। दूसरी तरफ पटना जिले से भी कोईलवर के लिए लेने वाली बिजली का झंझट समाप्त हो जाएगा।

अखगांव पावर ग्रीड बनने से बिजली आपूर्ति के होंगे दो स्रोत 

अखगांव में चौथा नया पावर ग्रिड बनने से इस क्षेत्र के संदेश, अखगांव, कोईलवर, बहीयारा, सहार, अजीमाबाद, और अगिआंव सब स्‍टेशन को सप्‍लाई के दो स्रोत हो जाएंगे।

पहला अखगांव पावर ग्रिड से और दूसरा आरा-पीरो पावर ग्रिड से जो पुरानी बिजली आपूर्ति हो रही है वह भी बनी रहेगी। इससे लाभ है यह होगा कि आपदा की स्थिति में किसी भी स्रोत से बिजली आपूर्ति व्यवस्था बहाल हो सकती है।

अखगांव पावर ग्रीड बनाने का भेजा गया है प्रस्ताव

भोजपुर जिले में उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति व्यवस्था और सुधारने के लिए जिले में चौथा पावर ग्रिड बनाने का प्रस्ताव अख़गांव के लिए भेजा गया है। राज्य मुख्यालय से जल्द ही इसकी मंजूरी मिलने की संभावना है। जैसे ही मंजूरी मिलेगी निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
सुशील कुमार ,अधीक्षण अभियंता भोजपुर-बक्सर प्रमंडल