भोजपुर की जीविका दीदियों को मिला 2.13 करोड़ का ऑर्डर, 2 महीने में तैयार करेंगी 29 हजार यूनिफॉर्म
जीविका दीदियों की जानकी जीविका प्रोड्यूसर एंड स्टिचिंग कंपनी को बिहार शिक्षा विभाग से 2.13 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर ...और पढ़ें

जानकी जीविका स्टिचिंग एंड प्रोड्यूसर यूनिट में वस्त्र तैयार करती जीविका दीदी। जागरण
HighLights
जानकी जीविका को 2.13 करोड़ का यूनिफार्म ऑर्डर मिला।
दो माह में 29 हजार छात्राओं की पोशाक बनानी हैं।
यह ऑर्डर जीविका दीदियों के लिए बड़ा अवसर है।
नीरज कुमार, कोईलवर(आरा)। सहकारिता और नारी सशक्तीकरण की मिसाल बन चुकीं जीविका दीदी अब काॅरपोरेट सरीखे बड़े ऑर्डर ले रहीं हैं।
मानसिक आरोग्यशाला कोईलवर परिसर में संचालित जानकी जीविका प्रोड्यूसर एंड स्टिचिंग कंपनी की जीविका दीदियों को बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
कंपनी को शिक्षा विभाग से बिहार के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़े वर्ग के छात्राओं के लिए 29 हजार पोशाक तैयार करने की जिम्मेदारी मिली है।
छात्राओं के लिए बन रहा पैंट-शर्ट
कुल आर्डर 2.13 करोड़ रुपये का है। ऑर्डर मिलने के बाद कंपनी से जुड़ी जीविका दी पोशाक बनाने के काम में जुट गईं हैं।
जानकी जीविका की स्टोर सुपरवाइजर मृदुला कुमारी ने बताया कि छात्राओं के लिए पैंट-शर्ट तैयार करने का ऑर्डर मिला है।
कंपनी को निर्धारित दो माह के भीतर पोशाक का निर्माण, पैकिंग और संबंधित स्थानों पर भेजने का कार्य पूरा करना है। इसके लिए कपड़े की आपूर्ति शुरू होते ही ड्रेस तैयार करने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
सुपरवाइजर ज्योति देवी ने बताया कि ऑर्डर मिलने के साथ ही जानकी जीविका स्टिचिंग एंड प्रोड्यूसर में कपड़े की बड़ी खेप उपलब्ध होने के बाद पैंट-शर्ट की सिलाई शुरू करा दी गई है।

250 जीविका दीदियां जुटीं काम में
कंपनी में करीब 250 जीविका दीदियां विद्यार्थियों के यूनिफार्म तैयार करने में जुटी हैं। अलग-अलग स्तर पर कटिंग, सिलाई, गुणवत्ता जांच, प्रेस और पैकिंग का कार्य किया जा रहा है।
बड़े पैमाने पर मिले इस ऑर्डर से जीविका दीदियों में भी उत्साह है। कंपनी से जुड़ी महिलाओं का कहना है कि इस तरह के बड़े कार्य मिलने से उन्हें रोजगार के साथ अपनी दक्षता दिखाने का अवसर भी मिल रहा है।
निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण पोशाक तैयार कर भेजना अब कंपनी की प्राथमिकता है। हालांकि, इस जीविका समूह के लिए यह कोई पहला बड़ा ऑर्डर नहीं है।
इससे पहले राज्य के सरकारी अस्पतालों में पहने जाने वाले मरीजों के कपड़े तैयार करने का भी ठेका यह समूह हासिल कर सफलता पूर्वक उसे पूरा कर चुका है।
मॉडल स्कूलों के छात्र-छात्राओं के लिए भी ऑर्डर पर शुरू होगा काम
जानकी जीविका स्टिचिंग और प्रोड्यूसर कंपनी के कोईलवर यूनिट के सुपरवाइजर रणधीर कुमार सिंह ने बताया कि पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के छात्राओं के अलावा शिक्षा विभाग से एक और बड़े ऑर्डर पर काम शुरू होगा।
बिहार के सभी मॉडल स्कूल के छह लाख छात्र-छात्राओं के लिए 12 लाख यूनिफार्म तैयार किया जाना है। इसको लेकर जीविका द्वारा छह लाख किट तैयार किया जाएगा।
किट में दो यूनिफाॅर्म, जूता, मोजा और बैग होगा। किट की कीमत छह हजार रुपये है। इस महीने में 29 हजार यूनिफार्म तैयार किये जाने के बाद मॉडल स्कूल के ऑर्डर का काम शुरू होगा।
