खटाल की आड़ में हेरोइन का खेल: भोजपुर में 1.35 kg हेरोइन जब्त, मालिक-नौकर गिरफ्तार
भोजपुर के बिहिया में दूध व्यवसाय की आड़ में चल रहे हेरोइन तस्करी का भंडाफोड़ हुआ है, जिसमें पुलिस ने ...और पढ़ें

खटाल की आड़ में हेरोइन का खेल: भोजपुर में 1.35 kg हेरोइन जब्त, मालिक-नौकर गिरफ्तार
HighLights
बिहिया में दूध व्यवसाय की आड़ में हेरोइन तस्करी का खुलासा।
पुलिस ने 1.35 किलो हेरोइन के साथ दो तस्करों को दबोचा।
तस्करी नेटवर्क व संपत्ति की जांच के लिए विशेष टीम गठित।
जागरण टीम, आरा/बिहिया। भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में पुलिस ने मवेशियों के खटाल व दूध व्यवसाय की आड़ में चल रहे हेरोइन तस्करी का राजफाश किया है। पुलिस ने छापामारी कर एक किलो 350 ग्राम हेरोइन बरामद किया है। मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने तीन मोबाइल, 2,756 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन एटीएम कार्ड तथा आरोपितों के आधार और पैन कार्ड भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बहोरनपुर थाना क्षेत्र के बहोरनपुर गांव निवासी अशोक पांडेय और उपेंद्र राय के रूप में हुई है।
इस मामले में बिहिया थाने के अपर थानाध्यक्ष रामकुमार के बयान पर दोनों आरोपितों के अलावा बिहिया थाना के तेघरा निवासी जितेंद्र नट, टुनटुन नट और शाहपुर निवासी दीपक धानुक समेत वाहन के मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी कराई गई है।
शुक्रवार को बिहिया थाना परिसर में प्रेसवार्ता में जगदीशपुर एसडीपीओ राहुल कुमार ने बताया कि गुरुवार की शाम पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी की सूचना मिली। सूचना का सत्यापन करने के बाद छापामारी दल का गठन किया गया।
जगदीशपुर एसडीपीओ और बिहिया थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी के नेतृत्व में गठित टीम ने धरहरा गांव में विद्युत कार्यालय के पीछे स्थित अशोक पांडेय के मकान में छापामारी की।
इस दौरान हेरोइन पदार्थ बरामद हुआ और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित खटाल की आड़ में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे थे।
दो साल से कर रहे थे मादक पदार्थ की तस्करी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार उपेंद्र राय ने पूछताछ में बताया कि वह करीब दो साल पहले अशोक पांडेय के मकान में खटाल खोलकर दूध का व्यवसाय कर रहा था। करीब छह महीने पहले अशोक पांडेय ने उसे एक थैला दिया और बताया कि उसने नया कारोबार शुरू किया है।
थैले में हेरोइन होने की जानकारी देते हुए अशोक ने बताया कि इसे तेघरा गांव निवासी जितेंद्र नट के यहां से लाया गया है और शाहपुर निवासी दीपक धानुक तक पहुंचाना है। उपेंद्र ने पुलिस को बताया कि इसके बाद वह कई बार थैले में हेरोइन लेकर आया और दीपक धानुक तक पहुंचाया।
बाद में वह भी मकान मालिक अशोक पांडेय के साथ रुपये लेकर इस कारोबार में शामिल हो गया। उसने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले तेघरा निवासी जितेंद्र नट के यहां से 23 लाख रुपये देकर एक किलो 300 ग्राम हेरोइन लाया था। इसमें से 300 ग्राम हेरोइन मोटरसाइकिल में छिपाकर रखी गई थी।
तस्करी नेटवर्क और संपत्ति की जांच
एसडीपीओ राहुल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के तस्करी नेटवर्क और आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और कथित तौर पर तस्करी से अर्जित संपत्ति का ब्योरा जुटाने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और उनकी संपत्ति की भी जांच कर रही है।
