विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हर बार भोजपुर पुलिस से एक कदम आगे था आरोपित, इस बार टावर लोकेशन ने पहुंचा दिया सलाखों के पीछे

Published: Wed, 19 Aug 2026 11:54 AM (IST)

हेरोइन मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित आनंद कुमार राय को भोजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया ...और पढ़ें

भोजपुर पुलिस ने हेरोइन बरामदगी मामले में आरोप‍ित को दबोचा। सांकेत‍िक तस्‍वीर

भोजपुर पुलिस ने हेरोइन बरामदगी मामले में आरोप‍ित को दबोचा। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. हेरोइन मामले का फरार आरोपित आनंद कुमार गिरफ्तार।

  2. सड़क दुर्घटना में घायल होने पर निजी क्लीनिक पहुंचा।

  3. टावर लोकेशन से पुलिस ने दबोचा, इलाज के बाद हिरासत।

संवाद सूत्र, तरारी (आरा)। पुलिस को चकमा देकर लंबे समय से फरार चल रहे हेरोइन मामले का आरोपित आखिरकार पुल‍िस के श‍िकंजे में आ ही गया। 

सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद निजी क्लीनिक में इलाज कराने के दौरान पुलिस ने टावर लोकेशन के आधार पर मोपती मेला मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपित को इलाज के लिए पीरो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उसे पुलिस हिरासत में सिकरहटा थाना लाया गया।

45 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद हुआ था फरार 

गिरफ्तार आरोपित बागर निवासी सत्येंद्र राय का पुत्र आनंद कुमार राय है। पुलिस के अनुसार, सिकरहटा थाना क्षेत्र के मोआपखुर्द मुर्गी फार्म के समीप वाहन जांच के दौरान अपाची बाइक सवार दो लोगों को पुलिस ने रोका था।

तलाशी के दौरान बाइक से मिले काले रंग के बैग से 45 ग्राम हेरोइन, दो वजन करने वाली मशीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। इसी दौरान आनंद कुमार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।

लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपित

सिकरहटा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत आनंद कुमार एवं एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।

हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित ठिकाना बदल देता था और गिरफ्तारी से बचने में सफल हो जाता था। लेक‍िन इस बार वह बच नहीं सका। 

हादसे के बाद पहुंचा निजी क्लीनिक

मोआपखुर्द मुर्गी फाॅर्म के समीप तेज गति से भागने के दौरान आनंद कुमार सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। घायल होने के बाद वह मोपती मेला मोड़ स्थित एक निजी क्लीनिक में इलाज कराने पहुंचा।

पुलिस को इसकी भनक लग लग गई। मोबाइल सर्विलांस के आधार पर पुल‍िस को उसका लोकेश मिला। एसआई विवेका कुमार ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए बुधवार की रात करीब 7:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।