विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कट्टे से केक', रील में हथियार और 'तमंचे पर डांस'... बिहार में सोशल मीडिया का खतरनाक ट्रेंड

Published: Tue, 19 May 2026 11:02 PM (IST)

भोजपुर में सोशल मीडिया पर हथियार लहराने और कट्टे से केक काटने का खतरनाक चलन बढ़ रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था ...और पढ़ें

‘स्टाइल’ के नाम पर बढ़ रहा गन कल्चर (AIफोटो)

‘स्टाइल’ के नाम पर बढ़ रहा गन कल्चर (AIफोटो)

HighLights

  1. भोजपुर में कट्टे से केक काटने का खतरनाक चलन।

  2. सोशल मीडिया रील्स में हथियार प्रदर्शन तेजी से बढ़ा।

  3. पुलिस ने की सख्त कार्रवाई, अभिभावकों को चेतावनी।

दीपक, आरा(भोजपुर)। भोजपुर जिले में इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने और “रौब” दिखाने की होड़ अब खतरनाक मोड़ लेती जा रही है।

जन्मदिन पार्टियों में कट्टे और पिस्टल से केक काटने, हथियार लहराने और बच्चों के हाथों में बंदूक पकड़ाकर रील बनाने का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है।

सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने की चाह में युवा खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

यह ट्रेंड अब सिर्फ दिखावा नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था और समाज दोनों के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है।

‘स्टाइल’ के नाम पर बढ़ रहा गन कल्चर

भोजपुर में हाल के दिनों में हथियारों के साथ फोटो और रील बनाने की घटनाएं लगातार सामने आई हैं।

कई वीडियो में युवा पिस्टल लहराते, फायरिंग करते और डांस के दौरान हथियार दिखाते नजर आए हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों को 'स्टेटस सिंबल' की तरह पेश किया जा रहा है।

इसका सबसे बुरा असर किशोरों और बच्चों के मनोविज्ञान पर पड़ सकता है।

केस-1: शादी समारोह में लहराया अवैध हथियार

एक मई को उदवंतनगर थाना क्षेत्र के सबलपुर बहेरा गांव में शादी समारोह के दौरान एक युवक हथियार लहराते हुए पकड़ा गया था।

आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान युवक खुलेआम पिस्टल दिखाकर रौब झाड़ रहा था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया था।

मामले में अवैध हथियार प्रदर्शन को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

केस-2: ‘तमंचे पर डिस्को’ का वीडियो वायरल

तीन मई को पवना थाना क्षेत्र के पवार गांव में तिलक समारोह के दौरान 'तमंचे पर डिस्को' का वीडियो वायरल हुआ था।

वीडियो में डांसर के साथ युवक हाथ में पिस्टल लेकर डांस करते दिखे थे।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आयोजक समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

हथियार प्रदर्शन और कानून व्यवस्था भंग करने के आरोप में कार्रवाई की गई थी।

केस-3: मासूम बच्चे के हाथ में बंदूक

15 मई को पवना थाना क्षेत्र के पहरपुर गांव से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया था।

वीडियो में एक छोटे बच्चे के हाथ में बंदूक देकर रील बनाई जा रही थी।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे के पिता नागा यादव को गिरफ्तार कर लिया।

हालांकि वीडियो में दिख रही बंदूक अब तक बरामद नहीं हो सकी है।

केस-4: कट्टे से काटा जन्मदिन का केक

16 मई को बड़हरा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव में जन्मदिन पार्टी के दौरान कट्टे से केक काटने का वीडियो तेजी से वायरल हुआ।

वीडियो में युवक हाथ में कट्टा लेकर केक काटता नजर आया था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

घटना के बाद इलाके में गन कल्चर को लेकर चर्चा तेज हो गई।

पुलिस बोली- हथियारों का प्रदर्शन अपराध

भोजपुर एसपी राज ने कहा कि इंटरनेट मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

हथियारों के प्रदर्शन, अवैध फायरिंग और आर्म्स एक्ट उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक रूप से हथियार दिखाना और उसका प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है।

पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चों को हथियारों की चमक-दमक और ऐसे माहौल से दूर रखें।