कुश्ती प्रतियोगिता में भोजपुर को मिला सात मेडल
औरंगाबाद में 23 से 24 फरवरी तक आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में भोजपुर को सात मेडल मिला है।
आरा। औरंगाबाद में 23 से 24 फरवरी तक आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में भोजपुर को सात मेडल मिला है। इसमें तीन पहलवानों को गोल्ड मेडल मिला है। गोल्ड मेडल विजेता तीनों पहलवानों का चयन राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयन समिति ने किया है। शिमला में 5 से 8 मार्च तक आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले के ये तीनों पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे। विजेता पहलवानों को भोजपुर कुश्ती संघ के पदाधिकारियों ने बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में पदक जीतने की शुभकामनाएं दी है। बता दें कि 82 किलोग्राम भार वर्ग में ग्रीको रोमन स्टाइल में अमन कुमार सिंह, 57 किलोग्राम भार वर्ग में फ्री स्टाइल में अभिषेक शुक्ला और 57 किलोग्राम भार वर्ग में ग्रीको रोमन स्टाइल में रोहित कुमार गोल्ड मेडल जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए। 79 किलोग्राम भार वर्ग ग्रीको रोमान स्टाइल में मनीष कुमार, 67 किलोग्राम भार वर्ग फ्रीस्टाइल में शशि शंकर सिंह एवं 79 किलोग्राम भार वर्ग फ्री स्टाइल में मुन्ना कुमार को सिल्वर मेडल मिला है। वहीं 70 किलोग्राम भार वर्ग फ्री स्टाइल में दिल रोज यादव को कांस्य पदक मिला है। भोजपुर कुश्ती संघ के सचिव मुंजी पासवान ने इसकी जानकारी दी। विजेता पहलवानों को कुश्ती संघ के सचिव के अलावा मुख्य संरक्षक इंजीनियर संजय शुक्ला, उपाध्यक्ष छोटू सिंह, संजय पांडेय, सुरेंद्र यादव, विपुल सिन्हा एवं कुश्ती कोच काशीनाथ पांडेय ने बधाई दी है।साथ ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने की शुभकामनाएं दी है।