आरा के गीधा में शुरू हुई एलपीजी होज निर्माण इकाई, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों तक होगी आपूर्ति
भोजपुर के गीधा औद्योगिक क्षेत्र में पूर्वी भारत की पहली एलपीजी होज निर्माण इकाई शुरू हुई है, जिससे स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और एलपीजी वितरण नेटवर्क मजबूत होगा।

गैस प्लांट के बिहार झारखंड के सीजीएम का अभिनंदन। सौ: आईओसीएल
HighLights
पूर्वी भारत की पहली एलपीजी होज निर्माण इकाई शुरू।
स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, औद्योगिक विकास को गति।
घरेलू एलपीजी सुरक्षा हेतु ब्रेडेड रबर होज का उत्पादन।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के गीधा औद्योगिक क्षेत्र में एलपीजी होज निर्माण इकाई की शुरुआत हुई है।इससे क्षेत्र में होज की उपलब्धता बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
मां जगदंबे एलपीजी बाटलिंग प्लांट प्राइवेट लिमिटेड की इस इकाई में घरेलू एलपीजी कनेक्शन में इस्तेमाल होने वाली ब्रेडेड रबर होज का निर्माण किया जाएगा।
कंपनी के अनुसार, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के सात राज्यों में यह अपनी तरह की पहली इकाई है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के बिहार एवं झारखंड के कार्यकारी निदेशक अनूप कुमार सामंतराय ने शनिवार को इकाई का निरीक्षण किया।
उन्होंने विनिर्माण व्यवस्था और एलपीजी होज के उत्पादन से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान आईओसीएल के सीजीएम एलपीजी सौरभ चंद्र, गीधा एलपीजी बाटलिंग प्लांट के मुख्य प्लांट प्रबंधक धीरज कुमार और पटना आईडीओ एलपीजी के एम. कलीम अंसारी मौजूद रहे।
घरेलू गैस की सुरक्षा के लिए बनेगी ब्रेडेड रबर होज
इस इकाई में घरेलू एलपीजी कनेक्शन में इस्तेमाल होने वाली ब्रेडेड रबर होज का निर्माण किया जाएगा। बाटलिंग प्लांट के मुख्य प्लांट प्रबंधक के अनुसार, होज में गैस के अनुकूल इनर ट्यूब, मजबूती देने वाली ब्रेडिंग और बाहरी सुरक्षा परत का इस्तेमाल होता है।
इनका उद्देश्य घरेलू रसोई में एलपीजी के सुरक्षित इस्तेमाल के लिए निर्धारित तकनीकी और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप उत्पाद उपलब्ध कराना है।
कंपनी के अनुसार, गीधा में स्थानीय स्तर पर उत्पादन होने से पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में एलपीजी वितरण नेटवर्क के लिए आवश्यक होज की उपलब्धता मजबूत होगी। कंपनी की योजना संबंधित क्षेत्रों के एलपीजी वितरकों के माध्यम से उत्पाद की आपूर्ति करने की है।
बीआईएस लाइसेंस और आईओसीएल की स्वीकृति
कंपनी को एलपीजी होज के निर्माण के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) का लाइसेंस प्राप्त है। इसके अलावा आवश्यक सरकारी एवं वैधानिक अनुमोदन भी लिए गए हैं। आईओसीएल ने कंपनी को अपने ‘सुरक्षा’ ट्रेड नाम के तहत एलपीजी होज के निर्माण की स्वीकृति दी है।
स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
गीधा में इस इकाई की स्थापना से भोजपुर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है। उत्पादन से जुड़े कार्यों के अलावा पैकेजिंग, परिवहन, लोडिंग-अनलोडिंग और रखरखाव जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर विकसित हो सकते हैं। स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं और परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
