विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लद्दाख में भूस्खलन से भोजपुर के दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, एक बाइक पर निकले थे सफर पर; अचानक बदल गया मंजर

Published: Wed, 12 Aug 2026 07:08 PM (IST)

लेह-लद्दाख घूमने गए भोजपुर के बिहिया निवासी दो दोस्तों की खारदुंगला में भूस्खलन की चपेट में आने से मौत हो ...और पढ़ें

अभिजीत आनंद और सोनू कुमार (फाइल फोटो)

अभिजीत आनंद और सोनू कुमार (फाइल फोटो)

HighLights

  1. लेह-लद्दाख में भूस्खलन से बिहिया के दो दोस्तों की मौत।

  2. खारदुंगला में बाइक यात्रा के दौरान मलबे की चपेट में आए।

  3. अभिजीत आनंद और सोनू कुमार के परिवारों में गहरा सदमा।

संवाद सूत्र, बिहिया (भोजपुर)। लेह-लद्दाख की खूबसूरत वादियों में घूमने निकले भोजपुर के बिहिया के दो दोस्तों की भूस्खलन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा मंगलवार को लद्दाख के नुब्रा थाना क्षेत्र के खारदुंगला में हुआ। दोनों एक ही बाइक से घूमने निकले थे, तभी पहाड़ से अचानक मलबा और चट्टानें सड़क पर आ गिरीं।

छह अगस्त को निकले थे लद्दाख घूमने

मृतकों की पहचान बिहिया थाना क्षेत्र के जज बाजार निवासी व्यवसायी विकास कुमार केसरी के 22 वर्षीय पुत्र अभिजीत आनंद और मझौली पंचायत के खाखोबांध निवासी संजय प्रसाद के 21 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है।

दोनों गहरे दोस्त थे। स्वजन के अनुसार, दोनों छह अगस्त को दिल्ली से ट्रेन के जरिए जम्मू-कश्मीर पहुंचे थे और वहां से लेह-लद्दाख घूमने के लिए निकले थे।

घूमने के लिए किराये पर ली थी बाइक

लद्दाख पहुंचने के बाद दोनों युवकों ने एक ट्रैवल एंड टूर एजेंसी से बाइक किराये पर ली थी। मंगलवार को इसी बाइक से दोनों खारदुंगला की ओर घूमने जा रहे थे।

इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्र में अचानक भूस्खलन हुआ और मलबे व चट्टानों की चपेट में आने से दोनों की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही बिहिया स्थित दोनों के घरों में मातम छा गया।

अभिजीत कर रहे थे बीसीए की पढ़ाई

अभिजीत आनंद ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी में बीसीए के छात्र थे। उनके पिता विकास कुमार केसरी व्यवसायी हैं।

अभिजीत अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद पिता विकास कुमार और मां आरती देवी सदमे में हैं।

सोनू तीन भाइयों में थे सबसे छोटे

सोनू कुमार स्नातक की पढ़ाई कर रहे थे। उनके पिता संजय प्रसाद बिहिया टीचर ट्रेनिंग कालेज में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी हैं।

सोनू तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी मौत की खबर से पिता संजय प्रसाद और मां राधिका देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

दिल्ली के रास्ते बिहिया आएंगे शव

स्वजन के अनुसार, दोनों युवकों के शव गुरुवार को एंबुलेंस से पहले दिल्ली लाए जाएंगे। इसके बाद शवों को पटना लाया जाएगा।

पटना से एंबुलेंस के जरिए दोनों के शव बिहिया स्थित उनके पैतृक घर पहुंचाए जाएंगे। शव आने की सूचना के बाद रिश्तेदारों और परिचितों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।

दो दोस्तों की मौत से बिहिया में शोक

दो युवकों की एक साथ हुई मौत से बिहिया क्षेत्र में शोक की लहर है। दोनों के घरों के आसपास लोगों की भीड़ जुटी हुई है।

जिस सफर पर दोनों दोस्त लद्दाख की खूबसूरत वादियों को देखने निकले थे, वह हादसे के बाद परिवारों के लिए गहरे दुख में बदल गया।