विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर के 1.43 लाख बाढ़ पीड़ितों को जल्द मिलेंगे 7 हजार रुपये, 15 सितंबर के बाद DBT से आएगी राशि; जुड़ेंगे और नाम

Published: Mon, 07 Sep 2026 08:27 AM (IST)

भोजपुर जिले में बाढ़ से प्रभावित 1.43 लाख से अधिक परिवारों को जल्द ही 7,000 रुपये की आपदा राहत राशि ...और पढ़ें

सहायता की जानकारी देते डीएम मनेश कुमार मीणा (दांये) और एडीएम कमर आलम। जागरण

सहायता की जानकारी देते डीएम मनेश कुमार मीणा (दांये) और एडीएम कमर आलम। जागरण

HighLights

  1. भोजपुर के 1.43 लाख परिवारों को मिलेगी बाढ़ राहत राशि।

  2. प्रत्येक परिवार को 7,000 रुपये की सहायता डीबीटी से मिलेगी।

  3. छूटे हुए वास्तविक बाढ़ पीड़ितों के नाम भी जोड़े जाएंगे।

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में बाढ़ से प्रभावित करीब डेढ़ लाख परिवारों को जल्द ही आपदा राहत राशि का लाभ मिलने की उम्मीद है।

जिले के छह अंचलों से अब तक 1,43,145 लाभुकों का नाम संपूर्ति पोर्टल पर अपडेट किया जा चुका है। वहीं, 7,055 लाभुकों का नाम अभी अपडेट होना बाकी है।

लंबित नामों को दुरुस्त करने और छूटे हुए वास्तविक बाढ़ पीड़ित परिवारों के नाम जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने आपदा विभाग से संपूर्ति पोर्टल खोलने का अनुरोध किया है।

प्रशासनिक स्तर पर राहत राशि वितरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 सितंबर के बाद से 30 सितंबर के बीच लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि भेजे जाने की संभावना है।

प्रत्येक लाभुक को सात हजार रुपये की दर से सहायता राशि दी जाएगी। इसके लिए जिले में एक अरब रुपये से अधिक की राशि खर्च होने की संभावना है।

प्रभारी मंत्री करेंगे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

सोमवार को जिले में बाढ़ राहत को लेकर महत्वपूर्ण गतिविधियां होंगी। प्रभारी मंत्री बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

बैठक में बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्य तथा प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता की समीक्षा की जाएगी। डीएम ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि संपूर्ति पोर्टल पर पेंडिंग लाभुकों के नाम दुरुस्त करने के साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से छूटे हुए नए लाभुकों के नाम जोड़ने के लिए आपदा विभाग को पत्र भेजा गया है।

जल्द ही पोर्टल खुलने की उम्मीद है। इससे उन परिवारों को भी राहत राशि का लाभ मिल सकेगा, जिनका नाम किसी कारणवश सूची में शामिल नहीं हो पाया है। प्रेस वार्ता के दौरान आपदा एडीएम कमर आलम भी मौजूद थे।

शाहपुर में सबसे अधिक लाभुक

अंचलवार आंकड़ों के अनुसार संपूर्ति पोर्टल पर सबसे अधिक 53,680 लाभुकों का नाम शाहपुर अंचल से अपडेट किया गया है। इसके बाद बड़हरा में 43,469, आरा में 33,764, बिहिया में 6,992, उदवंतनगर में 4,212 और कोईलवर में 1,000 लाभुकों का नाम अपडेट किया गया है।

अंचलवार संपूर्ति पोर्टल पर अपडेट लाभुकों की संख्या

      अंचल अपडेट लाभुक पेंडिंग

  • शाहपुर 53,680 1,362
  • बड़हरा 43,469 1,729
  • आरा 33,764 1,446
  • उदवंतनगर 4,212 1,410
  • कोईलवर 1,000 35
  • बिहिया 6,992 1,073
  • योग 1,43,145 7,055
  • सभी पात्र लाभुकों को मिलेगी सहायता

जिले के लगभग डेढ़ लाख से अधिक लाभुकों का नाम संपूर्ति पोर्टल पर दर्ज है। जिन जरूरतमंदों का नाम सूची में शामिल नहीं है या किसी कारण से पेंडिंग है, उनके लिए विभाग से पोर्टल खोलने का अनुरोध किया गया है। मुख्यमंत्री से राहत राशि देने की सहमति मिल चुकी है। सभी पात्र लाभुकों के खाते में सात हजार रुपये की दर से राशि भेजी जाएगी।

मनेश कुमार मीणा, डीएम, भोजपुर