जच्चा-बच्चा की मौत पर बवाल
सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में बुधवार को प्रसव के दौरान जच्चा व बच्चा की मौत हो गई।
आरा। सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में बुधवार को प्रसव के दौरान जच्चा व बच्चा की मौत हो गई। इसके बाद कोहराम मच गया। घटना के बाद परिजनों ने हो-हल्ला करना शुरू कर दिया। डॉक्टर ने मरणासन्न हालत में ही प्रसूता को सदर अस्पताल,आरा रेफर कर दिया। जहां देखने के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जच्चा-बच्चा की मौत को लेकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आस-पड़ोस के लोग ढांढस बंधाने में लगे थे। मृतका पूनम देवी (30 वर्ष) जमीरा गांव निवासी दिनेश राय की पत्नी थी। इसे लेकर काफी देर अफरातफरी मची रही। बताया जाता है कि आरा प्रखंड के जमीरा गांव निवासी दिनेश राय की पत्नी पूनम देवी दूसरी बार मां बनी थी। बुधवार को पेट में दर्द होने के बाद प्रसव के लिए आशा कार्यकर्ता सदर ब्लॉक स्थित पीएचसी में ले गई थी। जहां पर नार्मल प्रसव हुआ। लेकिन, बाद में जच्चा और बच्चा की मौत हो गई। इसके बाद माहौल बिगड़ते देख प्रसूता महिला को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन, यहां लाए जाने के बाद डॉक्टर ने प्रसूता को भी मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार पहले शिशु की मौत हुई और बाद मां ने दम तोड़ दिया। पहले भी पूनम को पीएचसी में ही नार्मल प्रसव हुआ था। परिजन जच्चा-बच्चा की मौत को लेकर लापरवाही बरते जाने का आरोप लगा रहे थे।