छठी मइया और चुनरी साड़ी ने दिलाया ताज; आरा की अपूर्वा बनीं मिसेज इंडिया, 22 प्रतिभागियों को पछाड़ा
भोजपुर की डॉ. अपूर्वा वर्मा ने अहमदाबाद में 'मिसेज इंडिया' का खिताब जीतकर बिहार का नाम रोशन किया है। उन्होंने 22 प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

मिसेज इंडिया खिताब और दुल्हन के वेश में सजीं अपूर्वा।
HighLights
डॉ. अपूर्वा वर्मा ने मिसेज इंडिया का खिताब जीता।
छठ पूजा थीम और चुनरी साड़ी ने जजों को प्रभावित किया।
उन्होंने 22 प्रतिभागियों को पछाड़कर यह उपलब्धि हासिल की।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर की प्रतिभा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। शहर की पुरानी पुलिस लाइन निवासी डॉ. अपूर्वा वर्मा ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
अहमदाबाद में आयोजित प्रतियोगिता में ‘मिसेज इंडिया’ का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर जिले समेत पूरे बिहार का नाम रोशन किया है।
इस प्रतियोगिता में देशभर से आई 22 प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला था, लेकिन डॉ. अपूर्वा ने अपने आत्मविश्वास और प्रस्तुतीकरण के दम पर सभी को पीछे छोड़ दिया।
11 अप्रैल को अहमदाबाद में जीता खिताब
यह प्रतियोगिता 11 अप्रैल को आयोजित हुई थी, जिसमें विभिन्न राउंड, इंटरव्यू और अन्य चुनौतियों को पार करते हुए उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
डॉ. अपूर्वा ने बताया कि ट्रेडिशनल राउंड में उन्होंने बिहार की लोक संस्कृति और आस्था के महापर्व छठ पूजा को मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
साथ ही, आरा की प्रसिद्ध चुनरी साड़ी पहनकर जब उन्होंने रैंप वॉक किया, तो जज उनकी सादगी और प्रस्तुति से प्रभावित हुए।
पीएचडी तक की पढ़ाई, साहित्य में रुचि
मिसेज बिहार-2025 का खिताब जीत चुकीं अपूर्वा शहर के व्यवसायी विजय लाल और गृहिणी सरोज श्रीवास्तव की पुत्री हैं। उनके पति अरुंजय वर्मा भारतीय स्टेट बैंक (पटना मुख्यालय) में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।
अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता और पति के सहयोग को दिया। उनका कहना है कि यदि प्रयास सच्चा हो, तो सफलता निश्चित मिलती है।
शैक्षणिक रूप से भी अपूर्वा बेहद सशक्त हैं। उन्होंने वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है। उनकी पुस्तक The Weight of Emotions 30 से अधिक भाषाओं में प्रकाशित हो चुकी है, जो उनकी बहुआयामी प्रतिभा को दर्शाती है।
